दुर्ग पुलिस को मिली 39 नई गाड़ियां, डायल-112 अब और हाईटेक, नए इमरजेंसी वाहन और 4 हाईवे पेट्रोलिंग गाड़ियों को हरी झंडी

दुर्ग पुलिस को 35 नई इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ERV) और 4 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन मिले हैं। इन 39 वाहनों के शुरू होने से जिले में पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता और तेज होगी। सड़क हादसे, अपराध या किसी भी आपात स्थिति में लोगों तक जल्दी मदद पहुंचाई जा सकेगी। भिलाई के सेक्टर-06 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में बुधवार को डायल-112 फेज-2 नेक्स्ट जेन सेवा का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग और विधि-विधायी मंत्री गजेंद्र यादव ने नई डायल-112 गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अधिकारियों ने बताया कि, इन वाहनों में GPS सिस्टम, PTZ कैमरा, डैश कैमरा और मोबाइल डेटा टर्मिनल जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इससे कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी और घटनास्थल तक जल्दी पहुंचना आसान होगा। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज ने कहा कि डायल-112 फेज-2 परियोजना पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में अहम पहल है। इससे पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतर होगी। मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों की सुरक्षा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दे रही है। इसी सोच के तहत डायल-112 सेवा को नई तकनीक और आधुनिक संसाधनों से जोड़ा गया है।

पुलिस अफसरों के मुताबिक, नए वाहनों से लोगों को कम समय में मदद मिलेगी और हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं में भी तुरंत कार्रवाई हो सकेगी। कार्यक्रम के दौरान नई डायल-112 गाड़ियों का प्रदर्शन भी किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि जिले में मिले सभी 35 ERV और 4 हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों को अलग-अलग थाना क्षेत्रों और प्रमुख सड़कों पर तैनात किया जाएगा। इससे शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी लोगों को जल्दी सहायता मिल सकेगी।