दुर्ग में महिला कर्मचारी के वेतन में 1.49 लाख का गबन! हेमचंद यादव यूनिवर्सिटी के कुलसचिव गिरफ्तार

दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की एक दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी के वेतन से 1 लाख 49 हजार 384 रुपये के कथित गबन के मामले में मोहन नगर पुलिस ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव भूपेन्द्र कुमार कुलदीप (51) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला कर्मचारी शुभांगी मराठे ने कुलपति को शिकायत दी थी, जिसके बाद विश्वविद्यालय द्वारा गठित जांच समिति ने मामले की जांच की। रिपोर्ट, बैंक अभिलेखों और यूपीआई लेन-देन के परीक्षण में पाया गया कि पीड़िता को प्रतिमाह 11,515 रुपये वेतन मिलता था, लेकिन आरोपित कुलसचिव कथित रूप से उसे केवल 2,200 रुपये ही देता था।

शेष राशि दबाव बनाकर फोन पे और पेटीएम के माध्यम से उदय कुलदीप के खाते में ट्रांसफर करवाई जाती थी। जांच में सामने आया कि 6 फरवरी 2025 से 4 जुलाई 2026 के बीच इस तरीके से कुल 1,49,384 रुपये का गबन किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन की जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मोहन नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित से पूछताछ की।

अपराध की पुष्टि होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपित ने अपने प्रशासनिक पद का दुरुपयोग करते हुए मातहत कर्मचारी पर दबाव बनाकर उसके वेतन की राशि का अधिकांश हिस्सा डिजिटल भुगतान माध्यमों से अपने परिचित के खाते में स्थानांतरित कराया। मामले में बैंक दस्तावेज, यूपीआई ट्रांजेक्शन और अन्य अभिलेख जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस ने बताया कि प्रकरण की आगे की विवेचना जारी है।