दुर्ग के गांव में चल रहा था सेक्स रैकेट, ग्रामीणों ने मकान घेरकर किया हंगामा, 2 युवतियों समेत 4 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ : दुर्ग जिले में नंदिनी थाना क्षेत्र के अहेरी गांव के एक मकान में सेक्स रैकेट चल रहा था। जब गांववालों की इसकी सूचना मिली तो उन्होंने हंगामा खड़ा कर दिया। इसके बाद नंदिनी पुलिस मौके पर पहुंची और 2 युवतियों समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया। ग्रामीणों ने जब इस गतिविधि की भनक पाई, तो आक्रोशित होकर एक मकान को घेर लिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो युवतियां भी शामिल हैं।
नंदिनी पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम ग्राम अहेरी चौक स्थित एक किराए के मकान में देह व्यापार की सूचना मिली। बताया गया कि ग्रामीणों ने खुद उस मकान को घेर लिया था और अंदर चल रही अवैध गतिविधियों का विरोध कर रहे थे। थाना प्रभारी (टीआई) के निर्देशन में एक पुलिस टीम मौके पर भेजी गई। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत किया और मकान के अंदर प्रवेश कर छानबीन शुरू की।
पुलिस ने मकान के अंदर से ओमप्रकाश पटेल, बलीराम वर्मा और दो युवतियों को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि ये सभी कल्याण कॉलेज, अहेरी के पास स्थित एक किराए के मकान में अवैध गतिविधियाँ संचालित कर रहे थे। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है
पुलिस ने चारों आरोपियों को भिलाई-3 न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस रैकेट से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और यह कब से संचालित हो रहा था। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने किराए पर चल रहे मकानों की निगरानी तेज कर दी है। नंदिनी पुलिस क्षेत्र में किरायेदारों की सत्यापन प्रक्रिया को अनिवार्य करने की दिशा में कदम उठा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।