ईरान में फिर लगे भूकंप के झटके, 4.1 रही तीव्रता

मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच ईरान के बंदर अब्बास शहर के पश्चिमी इलाके में शनिवार (7 मार्च 2026) की सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर करीब 4.1 मापी गई। झटके महसूस होते ही लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल इस भूकंप में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।

यूनाइटेड स्टेट जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, भूकंप का केंद्र बंदर अब्बास से करीब 74 किलोमीटर पश्चिम में था। भूकंप जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर आया, जिसकी वजह से आसपास के इलाकों में भी इसके झटके महसूस किए गए। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच आए भूकंप को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएँ भी शुरू हो गई हैं।

कुछ लोग यह भी आशंका जता रहे हैं कि कहीं यह झटका किसी संभावित परमाणु परीक्षण से जुड़ा हुआ तो नहीं है। हालाँकि, इस तरह के दावों की अभी तक किसी भी आधिकारिक एजेंसी ने पुष्टि नहीं की है। इससे पहले मंगलवार (3 मार्च 2026) को भी देश के दक्षिणी हिस्से में स्थित गेराश इलाके में करीब 4.3 तीव्रता का भूकंप आया था।

उस भूकंप का केंद्र भी जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर था और उसमें भी किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली थी।