जापान में 6.0 तीव्रता का दूसरा भूकंप
जापान के उत्तरी होक्काइडो प्रांत में रविवार रात 6.0 तीव्रता का भूकंप आया। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के मुताबिक, भूकंप लोकल टाइम रात 10:45 बजे आया और इसका केंद्र होक्काइडो के पास समुद्र में 40 किमी की गहराई पर था।
JMA ने सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की। इससे पहले शनिवार देर रात लोकल टाइम 2 बजे जापान के पूर्वी हिस्से में 5.9 तीव्रता का भूकंप आया था। क्योदो न्यूज के मुताबिक, टोक्यो और आसपास के इलाकों में 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
जापान टाइम्स के मुताबिक, सरकार ने लोगों को अगले एक हफ्ते तक इसी तरह के तेज भूकंप के लिए सतर्क रहने को कहा है।
भूकंप के कारण टोक्यो और नारिता एयरपोर्ट जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में देरी हुई। उत्तर-पूर्वी इलाकों में चलने वाली कुछ स्थानीय ट्रेन सेवाओं पर भी असर पड़ा। हालांकि, ईस्ट जापान रेलवे कंपनी के मुताबिक शिंकानसेन बुलेट ट्रेनें सामान्य रूप से चलती रहीं।
भूकंप के बाद मोबाइल फोन पर इमरजेंसी अलर्ट जारी हुए और टोक्यो में भी तेज झटके महसूस किए गए। एनएचके पब्लिक टेलीविजन पर मिटो और साइतामा समेत आसपास के शहरों की सड़कों पर ट्रैफिक सामान्य दिखाई दिया।
टोक्यो के पूर्वी वार्ड कोतो में जमीन के नीचे पानी की पाइपलाइन टूट गई। लेकिन बाद में पाइपलाइन की मरम्मत कर दी गई और पानी का रिसाव बंद हो गया।
