अब ममता के करीबी सौमित्र पर अंडे फेंके गए, TMC की धनुरहाट सरपंच को लोगों ने घेरा, हाथ जोड़कर घुटनों के बल बैठीं,
पश्चिम बंगाल में TMC के नेताओं पर अंडे फेंके जाने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। मंगलवार को ममता के एक और करीबी तृणमूल युवा नेता सौमित्र बनर्जी पर अंडों से हमला हुआ। पुलिस सौमित्र को रानीगंज कोर्ट ले जा रही थी। कुछ लोगों ने उन्हें पीटा भी। इसके बाद पुलिस ने बनर्जी को सुरक्षित कोर्ट पहुंचाया। इधर, धनुरहाट ग्राम पंचायत की सरपंच मंदिरा गेन का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कान पकड़े, हाथ जोड़कर रोती दिखाई दे रही हैं। लोग उनके घर के बाहर नारेबाजी कर रहे हैं। बाद में वे घुटनों के बल बैठकर माफी मांगती और रोती नजर आ रही हैं।
अंडे फेंके जाने की ही एक घटना सोमवार को TMC विधायक और प्रवक्ता कुणाल घोष के साथ हुई थी। जब वे ममता के घर के बाहर मीडिया से बात कर रहे थे। उनकी शिकायत पर 2 लोगों को अरेस्ट किया गया है। बीजेपी नेता रवि केशरी की शिकायत पर सौमित्र बनर्जी को गिरफ्तार किया गया था। उन पर बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप है। वहीं, धनुरहाट पंचायत से जुड़े एक विवाद के बाद बड़ी संख्या में लोग सरपंच मंदिरा के घर पहुंच गए थे।
कुणाल घोष ने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने उन्हें निशाना बनाया, वे बीजेपी के उपद्रवी थे। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने अपनी आंख बचा ली, वरना वह डैमेज हो सकती थी। साथ ही यह भी कहा कि उस समय पुलिस वहां मौजूद थी और उसने कोई कदम नहीं उठाया।
