छत्तीसगढ़ में 30 रोजे के बाद ईद की नमाज, रायपुर-बिलासपुर और दुर्ग समेत कई जिलों में गले मिलकर दी मुबारकबाद
रमजान के 30 रोजे और चांद दिखने के बाद आज प्रदेशभर में ईद-उल-फितर मनाई जा रही है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ समेत कई जिलों में सुबह बड़ी तादाद में नमाज़ियों ने नमाज अदा की। एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी। इस दिन जकात और फितरा देने की परंपरा भी निभाई जाती है। जिससे जरूरतमंद लोग भी त्योहार की खुशियों में शामिल हो सकें। ईद को भाईचारे, खुशी और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक माना जाता है। रायपुर में ईदगाह भाठा समेत तमाम मस्जिदों में नमाज़ियों ने ईद की नमाज अदा की। कठिन रोजे के बाद ईद के दिन लोगों ने नमाज अदाकर देश-प्रदेश की खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी।
रायगढ़ में घड़ी चौक स्थित कदमी ईदगाह, चांदमारी स्थित ईदगाह और जामा मस्जिद में हजारों की संख्या में ईद की नमाज अदा की गई।
वहीं सप्ताह भर पहले से शहर में सेवइयों की दुकानें भी सज गई थी। बनारस, कलकत्ता समेत अन्य जगह से अलग-अलग क्वालिटी की सेवईयों की बिक्री की जा रही थी।
ईद के नमाज के बाद लोगों ने एक दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाई दी।
