उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की 1 राज्यसभा सीट पर कब होगा चुनाव? तारीख का हुआ ऐलान

उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा और उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट पर चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया गया है. 16 अक्टूबर को इन सीटों पर चुनाव होगा और रिजल्ट जारी होगा. यूपी कोटे की राज्यसभा की 10 सीटों का कार्यकाल 25 नवंबर को खत्म हो रहा है. इसमें से 8 सीटें भाजपा के खाते में हैं. जबकि एक-एक सीट सपा और बसपा के खाते में है. भाजपा राज्यसभा सदस्यों में पूर्व डीजीपी बृजलाल, सीमा द्विवेदी, नीरज शेखर, गीता शाक्य, हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह और बीएल वर्मा शामिल है. डॉ. दिनेश शर्मा का कार्यकाल भी 25 नंवबर तक था. लेकिन अंडमान निकोबार का एलजी बनने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया. इसलिए उनकी सीट पर भी चुनाव होगा. सपा से पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव और बसपा से रामजी गौतम का कार्यकाल खत्म हो रहा है.

बता दें कि अधिसूचना जारी होने के बाद 7 से 8 दिन तक नामांकन की प्रक्रिया चल सकती है. नामांकन खत्म होने के अगले दिन पर्चों की स्क्रूटनी और उसके दो दिन बाद नाम वापसी का मौका होता है. नाम वापसी के लगभग 7 दिन बाद मतदान की तारीख होती है और उसी दिन शाम को नतीजे घोषित कर दिए जाते हैं.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक यूपी विधानसभा में 403 सीटें हैं. पिछले एक साल के भीतर विधानसभा के 6 सदस्यों का निधन हो चुका है. इसलिए 397 सदस्य ही राज्यसभा की 10 सीटों के लिए वोट डालेंगे. राज्यसभा की एक सीट का कोटा= (कुल विधायक / (रिक्त सीटें +1) + 1) के आधार पर तय करता है. इस आधार पर प्रदेश ने राज्यसभा की एक सीट के लिए 37 वोटों की जरूरत होती. विधानसभा में बसपा शून्य है. राज्यसभा में उसके इकलौते सदस्य का कार्यकाल खत्म होने के बाद वहां भी शून्य हो जाएगी.

वहीं सपा के पास 101 सीटें हैं तो वह 2 सीटें आसानी से जीत सकती है और इसके बाद सात वोट अतिरिक्त बचेंदे. कांग्रेस के 2 विधायकों का साथ मिला तो 9 अतिरिक्त वोट होगा. वहीं भाजपा के पास 256 विधायक हैं और सहयोगी दलों के पास 33 विधायक हैं. ऐसे में यह संख्या 289 पहुंच जाती है. इस आधार पर भाजपा के 7 सदस्यों का जीतना तय है.