छत्तीसगढ़ में अब व्हाट्सएप पर मिलेगा बिजली बिल, एक क्लिक में होगा भुगतान, फ्रॉड से बचने ब्लूटिक आईडी से जाएगा बिल

छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं को अब हर महीने उनका बिजली बिल सीधे व्हाट्सएप पर मिलेगा। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह नई डिजिटल सेवा शुरू की है। जिसके तहत बिल पीडीएफ फॉर्मेट में भेजा जाएगा। व्हाट्सएप पर मिलने वाले बिल को उपभोक्ता अपने मोबाइल में डाउनलोड कर सुरक्षित रख सकेंगे। जरूरत पड़ने पर उसका प्रिंट भी निकाल सकेंगे। साथ ही बिल संदेश में ही एक क्लिक पर ऑनलाइन भुगतान का विकल्प भी दिया जाएगा, जिससे भुगतान प्रक्रिया आसान और तेज हो जाएगी।

प्रदेश में कुल 65 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। जिनमें से 40 लाख के मोबाइल नंबर कंपनी में रजिस्टर्ड हैं। इनमें लगभग 30 लाख उपभोक्ता व्हाट्सएप का इस्तेमा करते हैं। कंपनी इन उपभोक्ताओं तक चरणबद्ध तरीके से व्हाट्सएप के माध्यम से बिजली बिल भेजेगी। बिजली बिल का व्हाट्सएप संदेश छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड की आधिकारिक और वेरीफाइड आईडी से भेजा जाएगा। जिस पर ब्लू टिक रहेगा। इसके साथ ही आधिकारिक मोबाइल नंबर 942555-1912 दर्ज होगा, जिससे उपभोक्ता फर्जी मैसेज से सतर्क रह सकें।

कंपनी के अनुसार, जैसे ही मीटर रीडिंग दर्ज होगी, उपभोक्ता को व्हाट्सएप पर पूरा डिटेल बिल पीडीएफ के रूप में मिल जाएगा। यह सुविधा हिंदी, छत्तीसगढ़ी और अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध होगी। जिसके लिए उपभोक्ता मोर बिजली एप में लैंग्वेज प्रिफरेंस चुन सकते हैं।

जिन उपभोक्ताओं का व्हाट्सएप नंबर रजिस्टर्ड नहीं है, वे टोल फ्री नंबर 1912 पर कॉल कर या मोर बिजली एप के जरिए नंबर दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ता को 10 अंकों का बीपी नंबर और अंतिम बिल भुगतान की जानकारी देनी होगी। प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने उपभोक्ताओं से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है।