रेलवे ट्रैक पार कर रहा था हाथियों का दल, मालगाड़ी की चपेट में आने से एक घायल, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक हाथी मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हाथी गंभीर रूप से घायल है। हाथी के ट्रेन की चपेट में आने की जानकारी मिलने के बाद ही वन विभाग की टीएम एक्टिव हो गई। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल हाथी का रेस्क्यू कर किया। घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की घरघोड़ा वन परिक्षेत्र की है।
वन विभाग की तरफ से मिले जानकारी के सोमवार की रात करीब 10 बजे 10 हाथियों का दल चारमार क्षेत्र की रेलवे पटरी पार कर जंगल की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक मालगाड़ी की चपेट में आने से हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया। शरीर के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं।

मालगाड़ी की टक्कर लगने के बाद हाथी जमीन में गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने वन विभाग की टीम को मामले की जानकारी दी। जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल हाथी की रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के दौरान स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की सहायता की।
टीम घायल हाथी की निगरानी और उपचार में जुटी हुई है। हाथी के मालगाड़ी की चपेट में आने का बाद काफी देर तक मालगाड़ी ट्रैक पर खड़ी रही। उसके बाद ट्रैक को क्लियर कर मालगाड़ी को रवाना किया गया। मालगाड़ी के ट्रैक पर खड़े होने के कारण कुछ देर के लिए रेल यातायात भी प्रभावित रहा।

बता दें कि रायगढ़ जिले में जंगली हाथियों का आतंक है। कई बार जंगली हाथी, जंगल से बाहर आ जाते हैं और उनके हमले से ग्रामीणों को नुकसान होता है। रायगढ़, छत्तीसगढ़ के उन जिलों में शामिल है जहां हाथी और मानव के बीच संघर्ष देखने को मिलता है। छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर इलाके में भी हाथियों का आतंक देखने को मिलता है।