बीजापुर-कांकेर में एनकाउंटर.. 4 नक्सली ढेर, इनमें 2 महिला माओवादी, BGL लॉन्चर बरामद

छत्तीसगढ़ में जवानों ने एनकाउंटर में 4 नक्सलियों को मार गिराया। इनमें बीजापुर में 2 नक्सली और गढ़चिरौली में 2 महिला नक्सली शामिल हैं। चारों नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के पास से हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की है। खुफिया जानकारी के आधार पर यह ऑपरेशन चलाया गया था।
बीजापुर में गंगालूर इलाके में 2 नक्सली मारे गए, जिनकी पहचान अभी की जा रही है। कांकेर-महाराष्ट्र सीमा पर गढ़चिरौली जिले के गट्टा जाबिया में सुरक्षाबलों ने 2 महिला नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

डीआईजी ने बताया कि बीजापुर के गंगालूर इलाके में मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है। बीजापुर पुलिस को सूचना मिली थी कि गंगालूर इलाके के जंगलों में बड़ी संख्या में नक्सली मौजूद हैं। इसके बाद डीआरजी, एसटीएफ और कोबरा बटालियन के जवान सर्चिंग अभियान पर निकले थे।

बुधवार दोपहर करीब 3 बजे घात लगाए बैठे नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने भी गोलियां चलाईं। सर्चिंग में 2 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। मौके से एक 303 राइफल, एक बीजीएल लॉन्चर और विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई है। महिला नक्सलियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

एनकाउंटर के एक दिन पहले ही नक्सली लीडर अभय ने प्रेस नोट जारी कर कहा था कि सरकार के सामने सरेंडर करने और हथियार डालने को तैयार हैं। गरियाबंद जिले में 11 सितंबर को जवानों ने एनकाउंटर में 5 करोड़ के 10 इनामी नक्सलियों को मार गिराया था। इनमें डेढ़ करोड़ का इनामी नक्सली मोडेम बालाकृष्ण भी शामिल था, जो ओडिशा स्टेट कमेटी का सचिव था। एडीजी एंटी नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा ने बताया था कि नए जगह पांव पसारने से पहले नक्सलियों का खात्मा कर दिया गया। बड़े नक्सल नेटवर्क को तोड़ा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *