अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन को जान से मारने की धमकी देने वाले को FBI ने मुठभेड़ में मार गिराया। अमेरिका की डोमेस्टिक इंटेलिजेंस एजेंसी FBI ने ये एनकाउंटर तब किया है जब राष्ट्रपति अगले साल होने वाले चुनाव के प्रचार के लिए अमेरिका के उटाह राज्य जाने वाले थे। सितंबर 2022 में उटाह के ही एक व्यक्ति रॉबर्टसन ने बाइडेन और उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस को मारने की धमकी दी थी।
FBI के मुताबिक उनके अधिकारियों ने रॉबर्टसन को उटाह के साल्ट लेक सिटी में बुधवार को उसके घर पर सर्च वॉरंट और अरेस्ट वॉरंट देने की कोशिश की। पुलिस जब वहां पहुंची तो वो हथियारों से लैस था और उसने गोली चलाना शुरू कर दिया। इसके बाद FBI ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसमें रॉबर्टसन मारा गया। मुठभेड़ बुधवार को अमेरिका के समयानुसार सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर हुई।
FBI ने रॉबर्टसन के एंकाउंटर की जानकारी राष्ट्रपति जो बाइडेन को भी दी है। इस मामले में जब रॉबर्टसन की बेटी से सवाल किए गए तो उसने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। FBI ने बताया है कि रॉबर्टसन के पास कई खतरनाक हथियार थे। इनमें कई तरह की स्नाइपर राइफल भी शामिल हैं।
रॉबर्टसन पर राष्ट्रपति जो बाइडेन और कमला हैरिस को धमकी देने के अलावा 2 और मामलों दर्ज थे। बाइडेन के बुधवार को होने वाले उटाह दौरे से दो दिन पहले सोमवार को उसने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट लिखा था।
इसमें उसने कहा था- मैनें अपनी M24 स्नाइपर राइफल से धूल साफ कर ली है। वहीं उसने लिखा था- ये राष्ट्रपति की हत्या के लिए बिल्कुल सही समय है। पहले जो बाइडेन फिर कमला… दरअसल, रॉबर्टसन ट्रम्प का कट्टर समर्थक था। वो बाइडेन और कमला हैरिस से ट्रम्प के चुनाव हारने का बदला लेने के दावे करता था।
अमेरिका में ट्रम्प के चुनाव हारने के बाद 6 जनवरी 2021 को अमेरिकी संसद पर हुए हमले ने पूरी दुनिया को हैरानी में डाल दिया था।