वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन के इंजन पर चढ़ा विक्षिप्त, लगा हाईवोल्टेज करेंट का झटका
वाराणसी। कैंट स्टेशन स्थित प्लेटफ़ॉर्म नम्बर तीन के आउटर में शनिवार को सुबह एक विक्षिप्त बनारस – मुम्बई समर स्पेशल के इंजन पर चढ़ गया। ओएचई (ओवर हेड इलेक्ट्रिक) में प्रवाहित हाई वोल्टेज करेंट के झटके से नीचे गिरकर जख्मी युवक को आरपीएफ की टीम ने मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। इस दुर्घटना में युवक का पेट जल गया। उसके हाथ और पीठ पर भी चोट आई है। मिली जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या – 01074 बनारस – मुम्बई समर स्पेशल ट्रेन सुबह प्लेटफ़ॉर्म नम्बर तीन से रवाना हुई। कुछ ही देर बाद पीछे से एक युवक इंजन (डब्ल्यूएपी 9एसी 42845 ) के ऊपर चढ़ गया। हाई वोल्टेज करेंट का झटका लगते ही वह नीचे गिर गया। वहीं, पेंटोग्राफ डाउन होने से ट्रेन खड़ी हो गई। लोको पायलट महावीर मौर्य ने इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल को दी।
मौके पर पहुंचे आरपीएफ उपनिरीक्षक राम कंवर और कांस्टेबल विनोद कुमार यादव ने युवक को अटेंड किया। साथ ही स्थानीय स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया गया। आरपीएफ के अनुसार युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। उसके साथ पर गोविंद कुमार और गाँव हरहुआ गुदा हुआ है। इस सूचना के अनुसार परिजनों से संपर्क की कोशिश की जा रही है।
