इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंचा, आज श्रीलंका-न्यूजीलैंड के लिए करो या मरो मुकाबला

इंग्लैंड टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। टीम ने मंगलवार को ग्रुप-2 में पाकिस्तान को 2 विकेट से हराया और नॉकआउट राउंड में एंट्री की। 2010 और 2022 की चैंपियन टीम ने लगातार पांचवें एडिशन के सेमीफाइनल में जगह बनाई। दूसरी ओर पाकिस्तान सुपर-8 स्टेज में एक भी मैच नहीं जीत सका। टीम को अब क्वालिफाई करने के लिए श्रीलंका के खिलाफ आखिरी मैच जीतने के साथ न्यूजीलैंड के हारने की दुआ भी करनी होगी। ग्रुप-1 पॉइंट्स टेबल में फिलहाल वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका 2-2 पॉइंट्स के साथ टॉप-2 पोजिशन पर हैं। भारत और जिम्बाब्वे आखिरी 2 पोजिशन पर हैं, दोनों का रन रेट माइनस में है।
भारत को सीधे क्वालिफाई करने के लिए आखिरी दोनों मैच जीतने होंगे, साथ ही साउथ अफ्रीका के वेस्टइंडीज के खिलाफ जीतने की उम्मीद भी करनी होगी।
भारत आखिरी दोनों मैच जीत गया और वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका को हरा दिया तो 3 टीमों के 4-4 पॉइंट्स हो जाएंगे। ऐसे में क्वालिफाई करने के लिए भारत को अपना रन रेट बाकी टीमों से बेहतर रखना होगा।
भारत अगर एक भी मैच हारा तो टीम नॉकआउट की रेस से बाहर हो जाएगी।

साउथ अफ्रीका अब वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे को हराकर सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। टीम एक भी मुकाबला हारी तो उन्हें अपना रन रेट बेहतर रखना होगा। दोनों मैच हारने पर टीम बाहर हो जाएगी। वेस्टइंडीज को क्वालिफाई करने के लिए साउथ अफ्रीका और भारत के खिलाफ आखिरी दोनों मैच जीतने होंगे। टीम एक भी मुकाबला हारी तो उन्हें अपना रन रेट बेहतर रखना होगा। दोनों मैच हारने पर टीम बाहर हो जाएगी। जिम्बाब्वे एक मैच हार चुकी है। टीम को क्वालिफाई करने के लिए भारत और साउथ अफ्रीका के खिलाफ आखिरी दोनों मैच जीतने ही होंगे। एक भी मैच हारने पर टीम बाहर हो जाएगी।

ग्रुप-2 में 4 पॉइंट्स के साथ इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। अब न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी मैच जीतकर टीम अपने ग्रुप में नंबर-1 पर फिनिश कर सकती है।
न्यूजीलैंड की टीम आज श्रीलंका से भिड़ेगी। न्यूजीलैंड जीता तो श्रीलंका बाहर हो जाएगी, फिर टीम पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी मैच जीतकर भी क्वालिफाई नहीं कर पाएगी। हालांकि, न्यूजीलैंड को क्वालिफाई करने के लिए श्रीलंका के साथ इंग्लैंड को भी हराना होगा।
श्रीलंका आज जीता तो टीम के नॉकआउट में पहुंचने के चांस बढ़ जाएंगे। टीम फिर पाकिस्तान को आखिरी मैच हराकर सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं न्यूजीलैंड और पाकिस्तान बाहर हो जाएंगी।
पाकिस्तान को क्वालिफाई करना है तो श्रीलंका के खिलाफ आखिरी मैच जीतने के साथ न्यूजीलैंड के दोनों मैच हारने की दुआ भी करनी होगी।