नागौर में पटाखा गोदाम में भीषण धमाका, दो लोगों की मौके पर मौत

राजस्थान के नागौर में गुरुवार सुबह एक पटाखा गोदाम में भीषण धमाका हो गया. इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. धमाका इतना तेज था कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना नागौर के बड़ली इलाके की है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई.

जानकारी के मुताबिक, बड़ली इलाके में स्थित पटाखा गोदाम में अचानक जोरदार ब्लास्ट हुआ. इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई. दोनों की मौत मौके पर ही हो गई. घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. हालांकि, अभी धमाके की वजह सामने नहीं आई है.

हादसे की जानकारी मिलते ही नागौर के वृत्ताधिकारी जतिन जैन, तहसीलदार नरसिंह टाक और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोदाम में धमाका कैसे हुआ.

हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों के शव एंबुलेंस से जेएलएन अस्पताल ले जाए गए. दोनों शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं. फिलहाल मृतकों की पहचान और धमाके से जुड़ी दूसरी जानकारियां सामने नहीं आई हैं. पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है.