तेहरान में पाकिस्तानी दूतावास के पास जोरदार धमाके, कर्मचारियों और स्टाफ में दहशत
ईरान की राजधानी तेहरान में शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब पाकिस्तानी दूतावास और राजदूत के आवास के बेहद करीब जोरदार धमाके सुने गए. राजनयिक सूत्रों के अनुसार, तेहरान पिछले 28 दिनों से लगातार हवाई हमलों का सामना कर रहा है, और यह ताजा घटनाक्रम उसी का हिस्सा है. यह धमाके तेहरान के पासदारन जिले में गुरुवार रात करीब 8 बजे हुए. सूत्रों का कहना है कि दूतावास के ठीक सामने स्थित एक ईरानी सैन्य बेस इन हमलों का संभावित निशाना था. इसकी वजह से आसपास के इलाके में जोरदार धमाके सुनाई दिए. एक वरिष्ठ राजनयिक ने ‘जियो न्यूज’ को बताया कि धमाके इतने तेज थे कि पूरा इलाका दहल गया. हालांकि, दूतावास की इमारत और कर्मचारियों के आवास सुरक्षित हैं. उन्होंने कहा, “खिड़कियां नहीं टूटीं, लेकिन कर्मचारी इस घटना से काफी डरे हुए हैं.”
यह घटना ऐसे समय में हुई है डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को दी गई एक नई ‘मोहलत’ का दावा किया. उन्होंने कहा कि ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर ‘अब 10 दिनों तक कोई हमले नहीं होंगे.
अमेरिका और इजरायल द्वारा 28 फरवरी को ईरान पर किए गए हमलों के बाद शुरू हुआ यह युद्ध अब पूरे पश्चिम एशिया को प्रभावित कर रहा है और इसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और तेल की कीमतों पर भी देखने को मिल रहा है.
ईरान के उप स्वास्थ्य मंत्री Ali Jafarian के अनुसार, अब तक इस युद्ध में ईरान में 1,937 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 240 महिलाएं और 212 बच्चे शामिल हैं. वहीं ईरान के जवाबी हमलों में इजरायल में भी कई लोगों की मौत की खबर है.
