सहकारी बैंक में 41 लाख रुपये से अधिक का गबन उजागर, कैशियर सहित दो निलंबित

खरगोन जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित की ठिबगांव शाखा में 41 लाख 58 हजार रुपये से अधिक की नगद राशि के गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले का खुलासा नियमित कैश मिलान और भौतिक सत्यापन के दौरान हुआ, जिसके बाद बैंक प्रशासन में हड़कंप मच गया। बैंक प्रबंधन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शाखा में पदस्थ कैशियर रितु गोयल और सहायक गणक त्रयम्बक वाणी को निलंबित कर दिया है। वहीं, पूरे मामले की सूचना पुलिस थाना जैतापुर को देकर जांच शुरू करा दी गई है। जानकारी के अनुसार 25 मई 2026 को शाखा में नियमित प्रक्रिया के तहत नगद राशि का मिलान किया जा रहा था।

इसी दौरान अभिलेखों में दर्ज राशि और वास्तविक कैश में बड़ा अंतर पाया गया। जांच में करीब 41 लाख 58 रुपये की कमी सामने आई। बैंक अधिकारियों ने जब कैशियर रितु गोयल से संपर्क करने का प्रयास किया तो वह दोपहर बाद बिना किसी पूर्व सूचना के शाखा से अनुपस्थित मिलीं। उनके मोबाइल फोन भी बंद पाए गए, जिससे संदेह और गहरा गया। घटना की जानकारी मिलते ही बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। शाखा में तत्काल पंचनामा तैयार कराया गया। पुलिस को मामले से अवगत कराया गया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि शाखा स्तर पर नकद हस्तांतरण एवं संयुक्त निरीक्षण संबंधी निर्धारित प्रक्रियाओं का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। इसी लापरवाही के चलते बड़ी राशि लंबे समय तक एक ही कर्मचारी के पास बनी रही।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी संध्या रोकड़े ने मामले को गंभीर वित्तीय अनियमितता बताते हुए कहा कि बैंक प्रशासन किसी भी दोषी को बख्शेगा नहीं। विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।