कानपुर की ऐसी फैक्ट्री जहां बिना हल्दी के बन रहा था ‘हल्दी पाउडर’

कानपुर में मिलावटी हल्दी का खेल चल रहा है। पनकी स्थित पीतांबरा इंटरप्राइजेज मसाला फैक्ट्री में चावल में जहरीला लिक्विड कलर मिलाकर हल्दी तैयार की जा रही थी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने छापा मार 5.86 लाख का स्टाक जब्त कर लिया।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को शहर में मिलावटी मसालों के कारोबार का भंडाफोड़ हुआ। टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पनकी स्थित एक मसाला निर्माण इकाई का राजफाश किया है। छापेमारी के दौरान पता चला कि चावल में हल्दी जैसे रंग मिलाकर हल्दी पाउडर तैयार किया जा रहा है।

जांच में मौके पर साबुत हल्दी नहीं मिली, जबकि परिसर में हल्दी का निर्माण चल रहा था। टीम ने छह नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेज दिए हैं। साथ में 5.86 लाख रुपये के कीमत के स्टाक को जब्त कर लिया है। साथ ही इकाई के कार्य को प्रतिबंधित करते हुए लाइसेंस को निलंबित कर दिया है।

सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने बताया कि इस्पात नगर, पनकी स्थित पीतांबरा इंटरप्राइजेज मसाला निर्माण इकाई में छापेमारी की गई है। निरीक्षण के दौरान टीम को परिसर में हल्दी का निर्माण होता मिला, लेकिन वहां साबुत हल्दी उपलब्ध नहीं थी। जांच में पाया गया कि चावल को पीसकर उसमें हल्दी जैसे रंग मिलाए जा रहे थे और उससे हल्दी पाउडर तैयार किया जा रहा था।

परिसर में मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, चावल के टुकड़े, मिर्च में मिलाने के लिए रास्पबेरी रेड कलर तथा अन्य सामग्री भी भंडारित मिली। उन्होंने बताया कि टीम ने मौके से हल्दी पाउडर, हल्दी में मिलाया जाने वाला लिक्विड कलर, चावल के टुकड़े, मिर्च पाउडर, मिर्च में मिलाए जाने वाले रंग और धनिया पाउडर सहित कुल छह नमूने संग्रहित किए हैं। इन नमूनों को खाद्य विश्लेषक के पास जांच के लिए भेजा जा रहा है।

प्रयोगशाला रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि तैयार किए जा रहे मसाले खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप हैं या नहीं तथा उनमें किस प्रकार की मिलावट की गई है। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय ने बताया कि जांच के दौरान मिली सामग्री से यह भी संकेत मिले हैं कि मसालों के निर्माण में प्रयुक्त कच्चे माल एवं रंगों की गुणवत्ता की भी प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी। छापेमारी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय वर्मा, उमाशंकर सिंह और रजनीश राय थे।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की छापेमारी के दौरान बड़े पैमाने पर स्टाक भी जब्त किया गया। विभाग ने 77 बैग चावल के टुकड़े, जिनकी कीमत 1.54 लाख रुपये बताई है। ऐसे ही 42 बैग हल्दी पाउडर, की कीमत 4.20 लाख रुपये बताई गई है। 30 किलोग्राम पिसा धनिया (3,600 रुपये), 30 किलोग्राम मिर्च पाउडर (6,000 रुपये) और 20 किलोग्राम हल्दी अपमिश्रक (2,600 रुपये) कब्जे में लिया है। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय ने जब्त किए गए स्टाक का कुल मूल्य 5,86,200 रुपये बताया है।