ग्वालियर में प्रतिबंधित कार्बाइड गन बनाने का कारखाना पकड़ा, 3 ठिकानों पर छापे; 66 गन जब्त

ग्वालियर। दीपावली के आसपास प्रतिबंधित कार्बाइड गन की बिक्री और निर्माण पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। ग्वालियर के सिरोल क्षेत्र में पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने छापा मारकर कार्बाइड गन बनाने का कारखाना पकड़ा है। इसके अलावा घासमंडी क्षेत्र की दो दुकानों पर भी कार्रवाई की गई। तीनों ठिकानों से कुल 66 कार्बाइड गन जब्त की गई हैं। पुलिस ने कारखाना संचालक सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

सिरोल चौराहे के पास स्थित मां पीतांबरा स्टील ट्रेडर्स में कार्बाइड गन तैयार किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद सिरोल थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एसएसपी धर्मवीर सिंह और एसडीएम अतुल सिंह भी वहां पहुंचे।

तलाशी में कारखाने से 58 तैयार कार्बाइड गन और पोटाश के पांच पैकेट बरामद किए गए। पुलिस ने कारखाना संचालक रमन ओझा, निवासी शिवनगर सिरोल, को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। प्रशासन ने कार्रवाई के बाद कारखाने को सील कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, कारखाने से जब्त गनों में 47 सिंगल बैरल, 10 डबल बैरल और पांच बैरल वाली एक गन शामिल है। इन हथियारों के निर्माण और संभावित बिक्री के संबंध में पुलिस आगे जांच कर रही है।

कारखाने के अलावा पुलिस ने घासमंडी क्षेत्र में भी कार्रवाई की। यहां दुकानदार अनिल झा की दुकान से छह और काले खान की दुकान से दो कार्बाइड गन जब्त की गईं। दोनों दुकानदारों को हिरासत में लेकर मुरार थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है।

इससे एक दिन पहले गोला का मंदिर क्षेत्र में भी पुलिस ने कार्बाइड गन बनाने के ठिकाने पर कार्रवाई की थी। वहां से तीन पैकेट पोटाश, एक तैयार गन और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई थी। इस मामले में कारखाना संचालक छत्रपाल सिंह बघेल को पकड़ा गया था।