पकड़ा गया फर्जी IAS, एमकॉम का छात्र फेक कलेक्टर ‘राज सोनी’ बनकर झाड़ रहा था रौब
मध्य प्रदेश के इंदौर में फर्जी IAS बनकर रौब झाड़ने वाले 28 वर्षीय युवक हिमांशु पांचाल का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. लसूड़िया पुलिस ने ओमेक्स सिटी-1 स्थित किराए के मकान से आरोपी को गिरफ्तार किया है. घर के बाहर ‘IAS राज सोनी- डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर’ की फर्जी नेम प्लेट लगी थी. पुलिस जांच में सामने आया कि हिमांशु ने ड्राइवरों और समाज के लोगों को इंदौर के फाइव स्टार होटल में पार्टी दी थी. खुद को बड़ा अधिकारी बताते हुए उसने होटल का बिल बाद में चुकाने की बात कही और स्टाफ से कहा, ‘मेरा PA दो घंटे के अंदर बिल का भुगतान कर देगा.’ लेकिन दो घंटे बीतने के बाद भी बिल का भुगतान नहीं हुआ. होटल प्रबंधन को शक हुआ और मामले की शिकायत पुलिस से की गई. इसी शिकायत की जांच करते हुए पुलिस जब हिमांशु तक पहुंची, तो फर्जी कलेक्टर बनने के पूरे खेल का खुलासा हो गया.
पुलिस के मुताबिक, हिमांशु की लाइफस्टाइल भी अधिकारियों जैसी थी. वह लोगों से उसी अंदाज में बातचीत करता था, जैसे कोई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हो. समाज में अपना रुतबा और प्रभाव बढ़ाने के लिए उसने खुद को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताना शुरू कर दिया. उसने घर और कार पर IAS राज सोनी के नाम की नेम प्लेट लगा रखी थी. आसपास के लोग भी उसे कलेक्टर समझने लगे थे.
शिकायत के बाद TI और ACP की टीम ने हिमांशु के घर की तलाशी ली. यहां से फर्जी IAS नेम प्लेट और कलेक्टर से जुड़ी भ्रामक सामग्री मिली. पूछताछ में जब पुलिस ने उससे IAS अधिकारी होने के दस्तावेज मांगे, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. सख्ती से पूछताछ के बाद उसकी असली पहचान हिमांशु पांचाल के रूप में सामने आई.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से अहमदाबाद का रहने वाला है. वह एमकॉम का छात्र है. जांच में यह भी सामने आया कि उसके खिलाफ गुजरात के अडालज थाने में मई 2026 में एक मामला दर्ज है. गुजरात पुलिस से भी इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है. लसूड़िया पुलिस ने BNS की धारा 204 के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. अब पुलिस यह जांच कर रही है कि फर्जी IAS बनकर उसने कहीं लोगों से ठगी तो नहीं की, सरकारी काम में दखल तो नहीं दिया या अपने फर्जी पद का इस्तेमाल कर किसी अन्य अपराध को अंजाम तो नहीं दिया.
