CG : किसानों के खातों में आए 10324 करोड़, CM साय ने बिलासपुर में किसान-सम्मेलन से किया ट्रांसफर
छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए होली से पहले दिवाली मनेगी। सीएम साय ने बिलासपुर में आयोजित किसान सम्मेलन से कृषक उन्नति योजना के तहत 24.28 लाख किसानों के खातों में 10324.84 करोड़ रुपए की आदान सहायता राशि जारी की। बिलासपुर जिले के 1,25,352 किसानों को 494.38 करोड़ रुपए मिले। सीएम साय ने 263.17 करोड़ के 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने 15.99 करोड़ रुपए की लागत से पूरे हुए 7 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। साथ ही 247.18 करोड़ रुपए की लागत के 82 नए विकास कार्यों का शिलान्यास कर भविष्य की विकास योजनाओं की मजबूत नींव रखी। यह सम्मेलन बिल्हा ब्लॉक के ग्राम रहंगी स्थित खेल मैदान में हुआ।
जिले में जिन प्रमुख कार्यों की सौगात मिली, उनमें उच्चस्तरीय पुल निर्माण, प्रमुख मार्गों का मजबूतीकरण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण सड़कों का निर्माण, तखतपुर में नवीन मातृ-शिशु अस्पताल, बिलासपुर में फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, छात्रावास और सिंचाई नहरों के जीर्णोद्धार जैसे कार्य शामिल है। सरकार का दावा है कि, इन परियोजनाओं से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी। किसान सहायता राशि से कृषि निवेश में तेजी आएगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
किसान सम्मेलन को लेकर शुक्रवार रात कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विधायक धरम लाल कौशिक के साथ कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया था। जिला प्रशासन ने सम्मेलन में किसानों को लाने की जिम्मेदारी ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को दी थी। वहीं, ब्लॉक स्तर के अधिकारी-कर्मचारियों ने जिले भर के पंचायतों को किसानों और महिलाओं की भीड़ लेकर आने का टारगेट दिया था। इसके लिए पंचायतों के लिए वाहनों का भी इंतजाम प्रशासनिक स्तर पर किया गया।
