MP के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी! गेहूं खरीदी के स्लॉट बुकिंग की बढ़ी तारीख, जानिए लास्ट डेट
मध्यप्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने वाले किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. किसानों की मांग को ध्यान में रखते हुए सरकार ने स्लॉट बुकिंग की समयसीमा में 6 दिन की बढ़ोतरी कर दी है. अब किसान 30 अप्रैल तक अपनी सुविधा के अनुसार स्लॉट बुक कर सकेंगे. खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि इस फैसले से अधिक से अधिक किसानों को अपनी उपज बेचने का अवसर मिलेगा. पूरे राज्य में गेहूं की खरीद तेजी से चल रही है. अब तक 1,30,655 किसानों से 57,13,640 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है. मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के अनुसार, किसानों को उनकी उपज के बदले 355 करोड़ से ज्यादा का भुगतान पहले ही किया जा चुका है. फिलहाल 4,22,848 किसानों ने लगभग 1.75 करोड़ क्विंटल गेहूं बेचने के लिए स्लॉट बुक कर लिए हैं.
किसानों को लंबी कतारों से बचाने और तौल की प्रक्रिया को तेज करने के लिए सरकार ने खरीद केंद्रों की क्षमता में भी बदलाव किया है हर खरीद केंद्र पर गेहूं बेचने के लिए रोजाना स्लॉट-बुकिंग की क्षमता 1,000 क्विंटल से बढ़ाकर 1,500 क्विंटल कर दी गई है. इससे यह पक्का होगा कि तौल का काम केंद्रों की क्षमता के हिसाब से ही हो, जिससे किसानों के लिए अपनी उपज बेचना आसान हो जाएगा. सरकार का कहना है कि गेहूं खरीद केंद्रों पर किसानों को किसी भी तरह की असुविधा से बचाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं. इसके अलावा, अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता और कार्यकुशलता दोनों बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं.
