कवर्धा : बारिश से कटी फसल बर्बाद देख गिर पड़ा किसान, खेतों में भरा पानी, मोन्था का असर
छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों में चक्रवात मोन्था के कारण रायपुर, कवर्धा, बिलासपुर, रायगढ़ और सरगुजा समेत कई जिलों में बारिश हुई। शुक्रवार को कवर्धा में पानी बरसा, जिससे खेतों में पहले से कटी हुई फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं। नुकसान देख एक किसान सदमे में वहीं गिर पड़ा। गांव वालों ने उसे संभाला और प्राथमिक उपचार दिलाया। मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवात ‘मोन्था’ अब कमजोर पड़ चुका है, जिससे प्रदेश में मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है। शनिवार से बारिश थमने और तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।
शुक्रवार को कवर्धा के कई गांवों में मूसलधार बारिश हुई। खेतों में पहले से कटी हुई फसलें पानी में डूब गईं। किसानों ने बताया कि धान की फसल कटाई के बाद सूखने के लिए रखी गई थी, लेकिन अचानक बारिश ने सब बर्बाद कर दिया. एक किसान अपने खेत की हालत देखकर भावनात्मक रूप से टूट गया और वहीं गिर पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि वह इस फसल से पूरे साल के गुजारे की उम्मीद लगाए बैठा था।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आया चक्रवात ‘मोन्था’ अब कमजोर हो गया है। इसके कारण पिछले तीन दिनों से रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, सरगुजा और कवर्धा में जो बेमौसम बारिश हो रही थी, वह अब रुक जाएगी।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 24 घंटों में पूरे प्रदेश में आसमान साफ रहेगा और दिन का तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा।
कवर्धा, बेमेतरा, और मुंगेली जिलों के कई किसानों ने बताया कि बारिश से फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। धान की बालियां सड़ने लगी हैं और खेतों में खड़ा पानी सूखने में समय लगेगा।
