छत्तीसगढ़ की पुरानी विधानसभा में अब फैशन डिज़ाइनिंग की पढ़ाई

छत्तीसगढ़ विधानसभा का नया और आधुनिक भवन नवा रायपुर में बनाया गया था। इसका लोकार्पण 1 नवंबर 2025 को हुआ था। नए भवन में शिफ्ट होने के बाद पुराना विधानसभा भवन खाली हो गया।जनवरी 2026 में राज्य सरकार को पुराने भवन के खाली होने की सूचना दी गई। इसके बाद सरकार ने इसके बेहतर उपयोग की योजना बनाई और NIFT के अस्थायी कैंपस के लिए यह जगह उपलब्ध कराई। छत्तीसगढ़ में NIFT की स्थापना की घोषणा 17 अप्रैल 2025 को हुई थी। कैबिनेट बैठक में नवा रायपुर में स्थायी कैंपस स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस परियोजना की अनुमानित लागत 271 करोड़ 18 लाख रुपये तय की गई। स्थायी कैंपस बनने तक पुराने विधानसभा भवन — जीरो पॉइंट, रायपुर — से NIFT का संचालन किया जाएगा।

यहाँ युवाओं को फैशन डिजाइन, टेक्सटाइल और परिधान प्रौद्योगिकी की उच्च स्तरीय शिक्षा और प्रशिक्षण मिलेगा। संस्थान में कई मशीनें लग चुकी हैं और पढ़ाई शुरू हो गई है। यह संस्थान केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय और राज्य सरकार के संयुक्त सहयोग से चलेगा।

NIFT रायपुर की स्थापना से कई बड़े फायदे होंगे। फैशन शिक्षा के क्षेत्र में रिसर्च, रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर खुलेंगे। गारमेंट सेक्टर में उछाल आएगा और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के आने की संभावना बढ़ेगी।देश के नामी फैशन डिजाइनर छात्रों को मार्गदर्शन देंगे। रायपुर शिक्षा और कौशल विकास के एक नए केंद्र के रूप में उभरेगा।