पिता ही निकला बेटे का हत्यारा; बोला- बेटा करना चाहता था मेरी हत्या, इसलिए मार दी गोली

मेरठ: खरखौदा थाना क्षेत्र में हुई तुषार त्यागी हत्याकांड का पुलिस ने 25 घंटे में ही खुलासा कर दिया. मेरठ पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के पिता को गिरफ्तार कर लिया है. पिता ने पुलिस को बताया कि उसे इस बात का शक था कि बेटे ने मेरी हत्या के लिए 10 लाख की सुपारी दी है. 01-02 जून की दरम्यानी रात बुलंदशहर-मेरठ हाईवे की सर्विस रोड पर कैली अंडरपास के नजदीक लग्जरी कार में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मृतक की पहचान तुषार त्यागी (25) निवासी गांव दोयमी, हापुड़ देहात थाना क्षेत्र, जिला हापुड़ के रूप में हुई थी.

परिजनों ने तहरीर दी कि सोमवार रात को घर बुलाकर अगवा करने के बाद उसकी हत्या की गई. तुषार के सिर और गर्दन में दो गोली लगी हुई थी. वह अपनी गाड़ी में ही मृत अवस्था में पड़ा मिला था. तब मृतक की पत्नी शिखा ने पुलिस को तहरीर दी. इसमें गांव के ही दो युवकों पर शक जाहिर किया था. पुलिस ने भी आननफानन में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की. एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस समेत तकनीकी का सहारा लेते हुए जब जांच आगे बढ़ाई तो इस पूरी घटना में कई ऐसे तथ्य सामने आए जो कि हत्या के बाद कुछ और ही कहानी बयां कर रहे थे. मृतक की पत्नी ने जहां पुलिस को बताया था कि उसके पति तुषार त्यागी रात में करीब 8 बजे यह कहकर अपनी कार से गए थे कि थोड़ी देर में वापस आएंगे.

करीब एक घंटे बाद तुषार के मोबाइल से WhatsApp पर यह जानकारी मिली कि उसे बिट्टू त्यागी और उसके कुछ अन्य साथी जंगल ले जा रहे हैं और मारने की बात कह रहे हैं. इसके बाद उसके दोनों फोन स्विच ऑफ हो गए थे. एसपी देहात ने बताया कि गहनता से की गई पड़ताल में यह बात उजागर हुई कि जिन पर आरोप है, उन्होंने इस हत्या को अंजाम नहीं दिया है, क्योंकि मृतक की पत्नी की तहरीर पर गांव दोयमी के ही अरविंद उर्फ बिट्टू त्यागी और तरुण त्यागी के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन जब आसपास के CCTV जांच की गई तो पिता सुंदर त्यागी और उसके एक दोस्त अमित की घटनास्थल और आसपास होने की पुष्टि हुई.

इसके बाद तकनिकी साक्ष्य के आधार पर मृतक के पिता सुंदर त्यागी से पूछताछ की गई और जब सख्ती से पूछताछ हुई तो उन्होंने कबूल किया कि देहरादून निवासी अपने साथी अमित के साथ मिलकर तुषार की हत्या की थी. पुलिस ने बताया कि सुंदर त्यागी मृतक तुषार त्यागी का पिता है. वह हापुड़ देहात थाने का हिस्ट्रीशीटर भी घोषित है. परिवार से दूर रहता था. पूछताछ में भी खुलासा हुआ है कि तुषार की गांव में 40 बीघा जमीन थी, जिस पर उसकी नजर थी. उस जमीन को बेचकर वह बिजनेस करना चाहता था, लेकिन पिता द्वारा विरोध किया जा रहा था. तुषार पर हत्यारोपी पिता ने आरोप लगाया कि उसकी बदतमीजी बढ़ती जा रही थी. वह मारपीट भी करता था. वहीं तुषार ने उसकी 10 लाख में सुपारी दी हुई थी, जिस वजह से सुंदर त्यागी ने अपने एक साथी के साथ अमित के साथ मिलकर तुषार की हत्या कर दी.

पुलिस के मुताबिक, सुंदर त्यागी उर्फ राजीव ने पुलिस को बताया कि तुषार को फोन करके उससे खाना मंगाया और फिर मौका पाकर उसकी हत्या को अंजाम दिया. पुलिस ने हत्यारे पिता और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, मुख्य अभियुक्त सुंदर त्यागी घटना के दिन देहरादून से कंकरखेड़ा आया था. वह अपने साथी अमित उर्फ वेदवान के साथ ग्राम दोयमी पहुंचा. उसके साथी अमित उर्फ वेदवान ने कैली धीरखेड़ा स्थित ठेके से बीयर कैन खरीदी थी.

इसके बाद मृतक की कार सुंदर और अमित की कार साथ दिखाई दी. पिता सुंदर त्यागी मृतक की गाड़ी में मौजूद था और उसी उसी ने तुषार त्यागी को गोली मारकर हत्या की.

घटना के बाद मृतक को वाहन सहित पांची अंडरपास के नजदीक छोड़कर दोनों फरार हो गए थे. सुंदर त्यागी को संदेह था कि उसके बेटे तुषार त्यागी द्वारा उसकी हत्या कराने के लिए 10 लाख रुपए की सुपारी दी गई थी.