पत्नी को बिरयानी खिलाकर लस्सी पिलाई, फिर चाकू से गोदा, हरदोई में दिल तक चीर डाला
हरदोई में पत्नी को बिरयानी खिलाकर लस्सी पिलाने के बाद पति ने उसे चाकू से गोद डाला। पति ने चाकू से इतने वार किए कि पत्नी का दिल (हार्ट) भी फट गया। दोनों की 12 साल पहले शादी हुई थी। इसके बाद भी बच्चा नहीं हो रहा था। पति को शक था कि उसकी पत्नी का किसी से अफेयर चल रहा है। पुलिस ने बुधवार तड़के की गई महिला की हत्या का गुरुवार शाम को खुलासा किया है। पुलिस ने पति की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल छोटा रामपुरी चाकू बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया है। घटना इस्लामनगर टिलिया इलाके की है।
इस्लामनगर टिलिया निवासी परवेज (34) ने 12 साल पहले रिश्ते में भतीजी नगमा (30) से लव मैरिज की थी। दोनों की कोई संतान नहीं है। पति को शक था कि पत्नी का बाइक मैकेनिक नाजिम से अफेयर चल रहा। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच 8 महीने से अक्सर झगड़ा होता रहता था।
मंगलवार रात नगमा कमरे में तख्त पर लेटी हुई थी, तभी परवेज ने उसकी हत्या कर दी। कमरे का दरवाजा बंद था। कमरे में फर्राटा फैन चल रहा था, इसलिए किसी को हत्या का पता भी नहीं चला। बुधवार सुबह साढ़े 3 बजे परवेज ने बहन जुबीना को फोन किया और घटना की जानकारी दी।
परवेज ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वारदात से पहले उसने पत्नी नगमा को बिरयानी खिलाने के बाद लस्सी पिलाई थी। इसी के बाद दोनों में झगड़ा होने लगा। नगमा उस पर हमला करने के लिए चाकू लेकर आई।
पति ने नगमा से चाकू छीन लिया। इसके बाद उसी चाकू से नगमा के सीने और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किए। वारदात के बाद आरोपी नहाया और पुलिस के सामने हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि हत्या से 5 दिन पहले आरोपी ने कोतवाली में पत्नी और उसके प्रेमी से जान का खतरा होने की शिकायत दी थी। पुलिस अब इस शिकायत और प्रेमी की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी पति परवेज को जेल भेज दिया है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, महिला के सीने पर गंभीर चोटें थीं। पुलिस के अनुसार, सीने पर किए गए वार से दिल फट गया था। बुधवार रात शव को बिलग्राम चुंगी स्थित कब्रिस्तान में दफना दिया गया।
