आत्मानंद स्कूल में चीखने-चिल्लाने लगीं छात्राएं, हाथ-पैर अकड़े, रोने लगीं, बेहोश हुईं, 3 दिन में 8 केस
भिलाई के आत्मानंद स्कूल में 2 छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। एक छात्रा अजीब हरकतें करने लगी और चीखने-चिल्लाने लगी। उसके हाथ-पैर अकड़ने लगे। आंख से आंसू निकलने लगे। इसके बाद दोनों छात्राएं बेहोश हो गई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया। , जहां करीब एक- डेढ़ घंटे के उपचार और निगरानी के बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई। चिकित्सकीय जांच में सभी छात्राओं की मेडिकल रिपोर्ट सामान्य पाई गई।
जानकारी के अनुसार, पिछले तीन दिनों में इसी तरह के कुल आठ मामले सामने आ चुके हैं। नौ जुलाई को कक्षा नवमीं की पांच छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। वे भी चीखने-चिल्लाने लगी थीं और अस्पताल ले जाने के बाद सामान्य हो गई थीं। इसके बाद 11 जुलाई को तीन अन्य छात्राओं में भी इसी तरह के लक्षण दिखाई दिए।
घटना की पुनरावृत्ति के बाद जिला शिक्षा विभाग भी गंभीर हो गया है। प्राचार्य के मुताबिक डीईओ कार्यालय द्वारा भी विद्यार्थियों की काउंसलिंग कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
स्कूल की प्राचार्य सुनीता दीवान ने बताया कि अब तक यह स्थिति केवल कक्षा नवमीं की छात्राओं में ही देखने को मिली है। सभी छात्राओं को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया और उनकी स्वास्थ्य जांच में कोई शारीरिक समस्या सामने नहीं आई।
इसके पूर्व नौ जुलाई को स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक आयोजित कर प्रभावित छात्राओं के अभिभावकों से चर्चा की गई थी। बैठक में स्वजनों से बच्चों का मनोबल बढ़ाने, उन्हें सकारात्मक माहौल देने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की बात कही गई।
