महिला पायलट ने बॉयफ्रेंड से तंग आकर किया सुसाइड, नॉनवेज खाने से रोकता था, सड़क पर बेइज्जती की

राष्ट्रीय

मुंबई में महिला पायलट सुसाइड केस में नए खुलासे हुए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बॉयफ्रेंड महिला को प्रताड़ित करता था। उसकी बेइज्जती की। दोनों के बीच नॉनवेज खाने को लेकर भी लड़ाई होती थी। लड़की के चाचा की शिकायत पर पुलिस ने बॉयफ्रेंड आदित्य पंडित को 26 नवंबर को अरेस्ट किया था। महिला की पहचान सृष्टि तुली के रूप में हुई। वह एअर इंडिया में पायलट थी। 25 नवंबर को सृष्टि का शव मुंबई में फ्लैट में मिला था। उसने डेटा केबल से फांसी लगाई थी। परिवार का आरोप- बॉयफ्रेंड लड़की से झगड़ा करता था सृष्टि के चाचा विवेक कुमार तुली की शिकायत के आधार पर पवई पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR में कई बातें सामने आईं। आदित्य अक्सर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बुरा व्यवहार करता था। पिछले साल नवंबर में आदित्य चाचा की कार लेकर सृष्टि और उसकी बहन राशि को दिल्ली में शॉपिंग कराने ले गया था। मार्केट में दोनों के बीच बहस हुई। आदित्य ने राशि के सामने सृष्टि से गाली-गलौज की। गुस्से में कार से दूसरी गाड़ी को टक्कर भी मार दी। विवेक कुमार ने कहा कि उनकी कार को नुकसान पहुंचा, लेकिन आदित्य को बिल्कुल भी पछतावा नहीं हुआ।

FIR में एक और घटना का जिक्र है, जो इस साल मार्च में हुई थी। आदित्य और सृष्टि अपने दोस्तों के साथ गुरुग्राम में डिनर करने गए थे। रेस्टोरेंट में भी आदित्य ने सृष्टि का अपमान किया। उसने सृष्टि को नॉन वेज खाने से रोका और उसे बाहर वेज खाना खिलाने ले गया। थोड़ी देर बाद सृष्टि ने राशि को फोन किया और कहा कि आदित्य उसे सड़क पर अकेला छोड़कर घर चला गया है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार तड़के आदित्य, जो अपनी कार से दिल्ली जा रहा था, उसे सृष्टि ने कॉल कर कहा था कि वह सुसाइड करने जा रही है. इसके बाद आदित्य मुंबई लौटा तो देखा कि फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था. उसने चाबी बनाने वाले की मदद से गेट खुलवाया तो देखा कि फ्लैट के अंदर सृष्टि डाटा केबल से लटकी थी. पवई पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि सृष्टि को तुरंत सेवन हिल्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. फ्लैट से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है सृष्टि के चाचा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आदित्य पर अक्सर सृष्टि को परेशान करने और सार्वजनिक रूप से उसका अपमान करने का आरोप लगाया गया है. परिवार का दावा है कि आदित्य ने सृष्टि को उसके खाने की आदतें बदलने और नॉनवेज खाना छोड़ने के लिए दबाव बनाया था.