छात्रा ने टीचर को 19 सेकेंड में 9 चप्पल मारीं, छेड़खानी की थी, हथेली पर थूककर चाटा फिर माफी मांगी

कुशीनगर में छेड़खानी करने पर छात्रा ने टीचर को 19 सेकेंड में 9 चप्पलें मारीं। छात्रा के परिजनों ने भी टीचर को जमकर पीटा। उससे हथेली पर थुकवाकर चटवाया। इसके बाद टीचर ने हाथ जोड़कर छात्रा और उसके परिवार वालों से माफी मांगी। पिटाई का वीडियो शनिवार शाम को सामने आया है। घटना सेवरही इलाके की है, जहां एक महीने पहले ही IIT-NEET की कोचिंग खुली थी। छात्रा इसी कोचिंग में पढ़ने जाती थी। छात्रा ने अपने घरवालों को बताया कि टीचर उसके साथ अश्लील हरकतें करता था। इसके बाद उसके घरवाले कोचिंग सेंटर पहुंचे और टीचर को जमकर पीटा।

आरोपी टीचर कुर्सी पर बैठा है। चारों तरफ से छात्रा के घरवालों ने उसे घेर रखा है। चप्पलों और लात-घूसों से उसे पीट रहे हैं। इस बीच टीचर अपना चेहरा छिपाता दिख रहा। परिजन उसका हाथ चेहरे से हटा देते हैं। इसके बाद उसके गाल पर जमकर थप्पड़ बरसाने लगते हैं। छात्रा के घरवाले उसे कोहनी से पीटते हैं। कुर्सी से उठाकर बाल खींचते हैं। उससे कहते हैं कि थूक कर चाट। आरोपी टीचर अपनी हथेलियों पर थूकता है। फिर उसे चाटता है। छात्रा से उसके घरवाले कहते हैं कि इसे तब तक मारो जब तक तेरा गुस्सा शांत न हो जाए। छात्रा इसके बाद 19 सेकंड में टीचर को 9 चप्पलें मारती है।

फिलहाल, आरोपी टीचर और पीटने वाली छात्रा और उसके परिजन फरार हैं। थाने में दोनों पक्षों से शिकायत नहीं मिली है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कोचिंग सेंटर बंद मिला।