FIFA वर्ल्ड कप में आज रात रोनाल्डो और केन दिखेंगे, पुर्तगाल Vs उज्बेकिस्तान, इंग्लैंड का घाना से मुकाबला
FIFA वर्ल्ड कप 2026 में मंगलवार देर रात और बुधवार सुबह चार मुकाबले खेले जाएंगे। सबसे ज्यादा नजरें पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो और इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन पर रहेंगी। पुर्तगाल का मुकाबला उज्बेकिस्तान से रात 10:30 बजे हॉस्टन स्टेडियम में होगा। वहीं इंग्लैंड की टीम घाना के खिलाफ रात 1:30 बजे बॉस्टन स्टेडियम में उतरेगी। इसके अलावा पनामा-क्रोएशिया सुबह 4:30 बजे और कोलंबिया-डीआर कांगो के बीच मैच सुबह 7:30 बजे खेले जाएंगे। ग्रुप-K में शामिल पुर्तगाल का सामना उज्बेकिस्तान से होगा। दोनों टीमें पहली बार किसी इंटरनेशनल मुकाबले में आमने-सामने होंगी। पुर्तगाल ने अपने पहले मैच में डीआर कांगो के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था, जबकि उज्बेकिस्तान को कोलंबिया के खिलाफ 3-1 से हार मिली थी।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो पहले मैच में गोल नहीं कर सके थे। वह पिछले 10 बड़े टूर्नामेंट मैचों में गोल नहीं कर पाए हैं। दूसरी ओर उज्बेकिस्तान को कप्तान एल्डोर शोमुरोदोव और युवा स्टार अब्बोसबेक फैजुल्लाएव से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
ग्रुप-L में इंग्लैंड का सामना घाना से होगा। दोनों टीमों ने अपने-अपने शुरुआती मुकाबले जीते थे। इंग्लैंड ने क्रोएशिया को 4-2 से हराया था, जबकि घाना ने पनामा को 1-0 से मात दी थी। इस मैच की विनर टीम नॉकआउट दौर के बेहद करीब पहुंच जाएगी। इंग्लैंड को हैरी केन, जूड बेलिंगहम और बुकायो साका से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। केन अगर इस मैच में गोल करते हैं तो वह वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। दूसरी ओर घाना की उम्मीदें एंटोनी सेमेन्यो, इनाकी विलियम्स और कप्तान जॉर्डन अयेव पर टिकी होंगी।
