बीजेपी नेता और युवाओं ने एक-दूसरे को जमकर पीटा, भिलाई में बर्थडे-पार्टी में बीयर की बोतल टूटने पर मारपीट
छत्तीसगढ़ के भिलाई में जन्मदिन पार्टी के दौरान घर के सामने बीयर की बोतल टूटने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई है। बीजेपी के कैंप-1 मंडल कोषाध्यक्ष राजेश चौधरी ने टूटे कांच साफ करने कहा, तो विवाद हो गया। दो तरफ से गाली-गलौज के बाद हाथ-मुक्कों और डंडे से एक-दूसरे को पीटा गया। जिसका वीडियो भी सामने आया है। इस मारपीट मामले में समझौते की बात करने बुधवार देर रात दोनों पक्ष छावनी थाने पहुंचे थे, लेकिन राजेश चौधरी के साथ आए बीजेपी मंडल उपाध्यक्ष गुरुचरण बग्गा के गाली देने से माहौल और बिगड़ गया। जिससे जमकर हंगामा हुआ। थाना परिसर में दोनों पक्ष के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। पुलिसकर्मियों के साथ भी झूमाझटकी हुई। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के लोग थाने के अंदर ही आपस में भिड़ गए। इस दौरान कुछ लोग टेबल-कुर्सियों पर चढ़कर वीडियो बनाते नजर आए।
विवाद इतना बढ़ गया कि थाना परिसर में जमकर धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ भी झूमाझटकी हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग टेबल-कुर्सियों पर चढ़कर वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं। पुलिसकर्मियों को भी भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि जब थाने में हंगामा हो रहा था, उस समय थाना प्रभारी मौजूद नहीं थे। बाद में उनके पहुंचने पर दोनों पक्षों की शिकायत ली गई और देर रात एफआईआर दर्ज की गई।
पहले पक्ष की ओर से दीपक पासी ने शिकायत में बताया कि, 20 मई को उसके दोस्त मनीष देवांगन का जन्मदिन था। पार्टी के दौरान वह बीयर लेने गया था। लौटते समय राजेश चौधरी के घर के सामने उसकी बाइक फिसल गई और बीयर की बोतल टूट गई। दीपक का आरोप है कि इसी बात पर राजेश चौधरी और उसके भाई ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट की गई। उसने आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने आए उसके दोस्त सुजीत गुप्ता पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उसके सिर और हाथ में चोट आई।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से बीजेपी नेता और पूर्व सैनिक राजेश चौधरी ने भी शिकायत दर्ज कराई है। राजेश का कहना है कि पड़ोस में बर्थडे पार्टी के दौरान काफी शोर-शराबा हो रहा था। इसी दौरान दीपक पासी बाइक से गिरा और उनके घर के सामने बीयर की बोतल टूट गई।
राजेश के मुताबिक जब उन्होंने सफाई करने के लिए कहा तो दीपक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट कर चला गया। बाद में वह अपने साथियों के साथ वापस आया और सभी ने मिलकर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाइयों के साथ भी मारपीट की गई और कार का कांच तोड़ा गया। राजेश चौधरी ने बताया कि, पूरी घटना उनके घर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। मारपीट में उनके चेहरे और सीने में चोट आने की बात कही गई है। वहीं उनके भाइयों को भी चोटें आई हैं। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
दीपक पासी का आरोप है कि थाने में समझौते के दौरान गुरुचरण बग्गा ने गाली-गलौज की, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया। पुलिस ने दीपक पासी की शिकायत पर गाली-गलौज और मारपीट की धाराएं लगाई हैं, जबकि बीजेपी नेता की शिकायत पर युवकों के खिलाफ बलवा की धारा भी जोड़ी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
