‘जल्द फ्री ट्रेड डील को अंतिम रूप देंगे’, इजरायल में बोले PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिनों के दौरे पर इजरायल पहुंचे हैं. गुरुवार को वह यरुशलम पहुंचे. यहां वह इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के साथ याद वाशेम गए. याद वाशेम वह जगह है जो होलोकॉस्ट की दर्दभरी याद के तौर पर जाना जाता है. इससे पहले बुधवार को तेल अवीव में पीएम मोदी का प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा ने एयरपोर्ट पर ग्रैंड वेलकम किया था. पीएम मोदी ने नेतन्याहू को गले लगा लिया और गर्मजोशी से उनका आभार जताया था.

पीएम मोदी ने इजरायल की संसद को भी संबोधित किया. इजरायल की संसद को संबोधित करने वाले वह भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं. पीएम मोदी इससे पहले 2017 में भी इजरायल गए थे. इस तरह उनका इजरायल का यह दूसरा दौरा है इस दौरे की सबसे खास बात रही कि पीएम मोदी ने इज़राइल की संसद Knesset को संबोधित किया और पीएम नेतन्याहू के साथ एक खास इनोवेशन प्रदर्शनी भी देखी. इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, क्वांटम टेक्नोलॉजी, हेल्थ-टेक, कृषि, पानी और जलवायु से जुड़ी नई तकनीकों को दिखाया गया. पीएम मोदी ने कहा कि इन तकनीकों का इस्तेमाल भारत में बड़े स्तर पर किया जा सकता है. पीएम मोदी और नेतन्याहू ने अहम मीटिंग की. इस दौरान भारत-इजरायल के बीच कई समझौते हुए, जिनमें शिक्षा, एआई और साइबर सिक्योरिटी जैसे अहम विषय शामिल हैं.

पीएम मोदी ने यरुशलम में कहा, ‘भारत और इजरायल का अब विशेष रणनीतिक रिश्ता है. हमने अपनी रणनीतिक साझेदारी को ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक बढ़ाने का फैसला किया है. यह एक ऐतिहासिक निर्णय है.’ पीएम मोदी ने कहा कि हम जल्द ही फ्री ट्रेड समझौते को अंतिम रूप देंगे. हमने महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों की स्थापना करने का निर्णय लिया है. इजरायल में यूपीआई इस्तेमाल को लेकर भी समझौता हुआ है.