केदारनाथ मंदिर के पास पटाखे फोड़ने पर FIR, रुद्रप्रयाग पुलिस आरोपी ब्लॉगर को मध्यप्रदेश में तलाश रही

रुद्रप्रयाग जिले की सोनप्रयाग पुलिस गुरुवार शाम को धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गुजरी में एक युवक को तलाशने पहुंची। इंटरनेट मीडिया पर एक आइडी से केदारनाथ में आतिशबाजी एवं जन्मदिन का उत्साह का नजारा दिखाते हुए एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हुआ था। इसके बाद सोनप्रयाग पुलिस ने 27 अप्रैल को आइडी के नाम सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। पुलिस ने आइडी की डिटेल्स निकाली तो गुजरी गांव का राजवीर नामक युवक निकला, जिसे लेने पुलिस उसके घर पहुंच गई, लेकिन वह घर नहीं मिला।

जानकारी अनुसार रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने केदारनाथ धाम के आसपास पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध लागू किया है। आतिशबाजी कपाट खुलने के पहले दिन यानी 22 अप्रैल को की गई, जिसके वीडियो अब सामने आए हैं। पटाखे मंदिर से करीब 50 कदम की दूरी पर जलाए गए। रुद्रप्रयाग पुलिस ने बताया कि केदारनाथ धाम में पटाखे फोड़कर जन्मदिन मनाने और उसका वीडियो बहुप्रसारित करने वाले यूजर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।

कार्रवाई धाम की पवित्रता भंग करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में की गई है। अभी धाम की सुरक्षा की जिम्मेदारी आइटीबीपी और रुद्रप्रयाग पुलिस के पास है। पुलिस के मुताबिक वीडियो में इंदौर निवासी सुमित नामक व्यक्ति अपने दोस्तों के साथ केदारनाथ धाम मंदिर परिसर के पास पटाखे फोड़कर जन्मदिन मनाता दिख रहा है। वीडियो में वह खुद अपने साथी राजवीर का जन्मदिन मनाने और पटाखे फोड़ने की बात कर रहा है। गुजरी पहुंची रुदप्रयाग पुलिस को राजवीर घर नहीं मिला। ऐसे में शुक्रवार को पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा।