बालोद के जिला सहकारी बैंक में लगी आग, कंप्यूटर और कैश काउंटर जले, बंदरों की उछल-कूद से हुआ शॉर्ट सर्किट
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ बंदरों की शरारत बैंक प्रबंधन के लिए भारी मुसीबत बन गई। गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम ओटेबंद स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक (दुर्ग शाखा) में आज सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बैंक परिसर से धुएं के गुबार उठने लगे। बताया जा रहा है कि, बैंक की छत पर बंदरों का एक झुंड उत्पात मचा रहा था, जिसकी वजह से बिजली की लाइनों में जोरदार शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारियां सीधे बैंक के भीतर जा गिरीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे दफ्तर को अपनी चपेट में ले लिया।
इस अग्निकांड में बैंक का कैश काउंटर, कंप्यूटर सिस्टम और अलमारियों में रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर पूरी तरह खाक हो गए हैं। राहत की बात है, कि आग तिजोरी तक नहीं पहुँच पाई और बैंक में रखा कैश पूरी तरह सुरक्षित बचा लिया गया। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की, जिसके बाद मौके पर पहुँची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत कर आग को बुझाया।
गुंडरदेही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि प्रारंभिक जांच में बंदरों द्वारा शॉर्ट सर्किट की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस और बैंक प्रबंधन अब नुकसान के सटीक आकलन में जुटे हैं। इस घटना ने एक बार फिर पुराने भवनों में बिजली की वायरिंग और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है, जिससे खाताधारकों में अपने दस्तावेजों को लेकर चिंता बनी हुई है।
