बड़ी खबर : आंध्र प्रदेश की पटाखा फैक्ट्री में आग, 6 लोगों की मौत, कई घायल

आंध्र प्रदेश के डॉ. बीआर अंबेडकरकोनासीमा जिले के रायवरम में आज बुधवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इसके बाद धमाके भी हुए। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हैं। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। SP ने बताया कि पटाखा फैक्ट्री में लापरवाही के कारण हादसे की आशंका है। पटाखा फैक्ट्री के पास मैन्युफैक्चरिंग का लाइसेंस था। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में पटाखा बनाने के दौरान शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका की खबरें हैं। घटना के कई वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो में पूरी फैक्ट्री आग की लपटों से घिरी दिखी।

CM चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को घटनास्थल पर जाने के निर्देश दिए हैं। नायडू ने X पर लिखा- इस दुर्घटना में कई लोगों की जान जाने की खबर से गहरा दुख हुआ है। मैंने अधिकारियों से दुर्घटना के कारणों, वर्तमान स्थिति, राहत कार्यों और चिकित्सा सहायता के बारे में बात की है।