नोएडा के ममूरा में लगी भीषण आग, ई-बाइक में निकली थी चिंगारी, 40 लोगों का रेस्क्यू
नोएडा के ममूरा गांव में एक बहुमंजिला मकान में भीषण आग लग गई. आग लगने के वक्त मकान के अंदर लगभग 40 लोग फंसे हुए थे, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए फायर विभाग ने तुरंत एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. बताया जा रहा है कि फेज-3 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ममूरा में ये हादसा एक मकान में खड़ी इलेक्ट्रिक बाइक में स्पार्किंग होने की वजह से हुआ. स्पार्किंग के बाद लगी आग देखते ही देखते बढ़ गई और इमारत से धुएं का गुबार उठने लगा.
सीढ़ियों और लॉबी में धुआं फैलने के कारण इमारत में रहने वाले करीब 50 परिवार अंदर ही फंस गए. लोगों में चीख-पुकार मच गई. सामने आए वीडियो में इमारतों से उठती आग की ऊंची-ऊंची लपटें साफ देखी जा सकती हैं.
घटना की सूचना मिलते फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने सीढ़ियों का इस्तेमाल कर इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया. दमकल कर्मियों ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है.
इस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है. उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए. सीएम योगी ने राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को सही समय पर उपचार मुहैया कराने के आदेश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने और राहत कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने के लिए भी कहा है.
