नोएडा की हाईराइज सोसायटी के 12वें फ्लोर पर भीषण आग, कई फ्लैटों में फैली
दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर 75 स्थित ‘IVY County’ हाईराइज रिहायशी सोसाइटी से एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आ रही है. यहां सोसाइटी की एक बहुमंजिला इमारत के 12वें फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी भयावह है कि दूर से ही फ्लैट की खिड़कियों और बालकनी से ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार उठता हुआ साफ देखा जा सकता है. देखते ही देखते आसपास के फ्लैटों में भी आग फैल गई. इस घटना के बाद पूरी सोसाइटी में हड़कंप और दहशत का माहौल है. इतनी ऊंचाई पर आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. 12वें फ्लोर पर आग होने के कारण फायर फाइटर्स हाइड्रोलिक क्रेन और आधुनिक उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं.
सुरक्षा के लिहाज से उस टावर और आसपास के फ्लैटों को तुरंत खाली करा लिया गया है और लोगों को सीढ़ियों के जरिए सुरक्षित नीचे उतारा जा रहा है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग किस वजह से लगी, इसका कारण अभी तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है. आशंका जताई जा रही है कि यह हादसा शॉर्ट सर्किट या बालकनी में रखे किसी उपकरण की वजह से हो सकता है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी. फिलहाल प्राथमिकता आग को पूरी तरह बुझाने और यह सुनिश्चित करने की है कि कोई अंदर फंसा न रह जाए. अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
इस घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा है कि आग में प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाए और राहत कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए. इसके अलावा, सीएम योगी ने घटना में घायल हुए लोगों को तत्काल एवं समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं.मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को राहत कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने और समय-समय पर स्थिति की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए हैं.
अभी आईवीवाई काउंटी की आग पूरी तरह बुझी भी नहीं थी कि दमकल विभाग को एक और बड़े हादसे की सूचना मिली. नोएडा के सेक्टर 52 स्थित ‘E3 शताब्दी विहार’ के एक पेइंग गेस्ट (PG) आवास में अचानक आग लग गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस बहुमंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक रेस्टोरेंट संचालित होता है, जबकि इसके ऊपरी मंजिलों पर पीजी बना हुआ है, जिसमें कई छात्र और कामकाजी युवा रहते हैं.
नोएडा से पहले दिल्ली भी पिछले तीन दिनों में आग की दो बड़ी और खौफनाक वारदातों से दहल चुकी है. 3 जून को ही दिल्ली के मालवीय नगर इलाक़े में फ्लोरिश स्टे बी एंड बी नाम के होटल में अचानक भीषण आग लग गई. इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई. इस दौरान कई लोग जान बचाने के लिए होटल की खिड़की से कूद गए थे.
