बुरहानपुर : बुरहानपुर की बसाड़ स्थित बीटी टेक्सटाइल मिल में देर रात अचानक आग भड़क गई। जिससे लगभग पूरी मिल जलकर खाक हो गई। रात में ही नगर निगम के पांच दमकल आग पर काबू पाने पहुंच गए थे। इसके अलावा शाहपुर और नेपानगर से भी दमकल बुलाए गए थे। रात भर चली मशक्कत के बाद मंगलवार तड़के 5 बजे के आसपास आग पर काबू पाया जा सका। इस अग्निकांड में कुछ मजदूरों के झुलसने की खबर है, लेकिन अब तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। बताया गया है कि आग लगने के दौरान मिल में बड़ी संख्या में मजदूर मौजूद थे। मजदूरों की अब गिनती कर पता लगाया जा रहा है कि कोई मजदूर अंदर तो नहीं फंसा है। पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है।