रायपुर की लकड़ी फैक्ट्री में लगी भीषण आग…ट्रैक्टर और मशीनें जलकर खाक, दो कर्मचारी सुरक्षित निकाले गए

रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार देर रात लकड़ी फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि फैक्ट्री में रखा एक ट्रैक्टर और कीमती मशीनें जलकर राख हो गईं। दमकल कर्मियों ने समय रहते फैक्ट्री के अंदर फंसे दो कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। उरला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भीम सरिया मिनरल प्राइवेट लिमिटेड की लकड़ी फैक्ट्री में आधी रात को अचानक आग भड़की। सूखी लकड़ियों की मौजूदगी के कारण लपटों ने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में उठते धुएं और आग के गोले देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही नगर निगम और निजी उद्योगों की 6 से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फैक्ट्री के अंदर दो कर्मचारियों के फंसे होने की खबर से रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण हो गया था। दमकल कर्मियों ने जान जोखिम में डालकर करीब ढाई से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग पर काबू पाने तक फैक्ट्री में खड़ा एक ट्रैक्टर, लकड़ी काटने और फिनिशिंग की मशीनें पूरी तरह जल चुकी थीं। आग लगने का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है, लेकिन उरला पुलिस और फायर एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मामला शॉर्ट सर्किट का लग रहा है, हालांकि जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी। फैक्ट्री प्रबंधन नुकसान का आकलन करने में जुटा है।