इंडोनेशिया में 7 मंजिला ऑफिस में आग, 20 की मौत, निचली मंजिल पर बैटरी में ब्लास्ट
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आज मंगलवार को एक 7 मंजिला ऑफिस में भीषण आग लग गई। स्थानीय चैनल कोम्पास टीवी के मुताबिक, इस हादसे में अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 15 महिलाएं और 7 पुरुष शामिल हैं। इनमें से कुछ की मौत दम घुटने से हुई। रिपोर्ट के मुताबिक कुछ लोग अभी भी इमारत के अंदर फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने का काम अभी भी जारी है। जिस इमारत में आग लगी, वह टेरा ड्रोन इंडोनेशिया का दफ्तर है। यह कंपनी खनन (माइनिंग) और खेती (एग्रीकल्चर) से जुड़े कामों के लिए ड्रोन सर्वे सेवाएं देती है।
आग की शुरुआत इमारत की पहली मंजिल से हुई। जब आग लगी, तब कुछ कर्मचारी अंदर दोपहर का खाना खा रहे थे। शुरुआत में कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन वे इस पर काबू नहीं कर पाए।
पुलिस ने बताया कि पहली मंजिल पर रखी बैटरियों में आग लग गई थी। इसकी वजह से आग फैलती चली गई और जल्द ही सातवीं मंजिल तक फैल गई। नीचे आग लगने के कारण बाहर जाने का रास्ता ब्लॉक हो गया। फिलहाल पूरी इमारत की तलाशी जारी है। फायर ब्रिगेड की टीम मंजिल-दर-मंजिल जांच कर रही है।
