पॉप सिंगर रिहाना के घर पर फायरिंग, बेवर्ली हिल्स वाले घर पर महिला ने चलाईं 10 गोलियां, सिंगर सुरक्षित

हॉलीवुड की मशहूर पॉप सिंगर रिहाना के घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई है। इस घटना में रिहाना सुरक्षित हैं और कोई घायल नहीं हुआ है। लॉस एंजिल्स पुलिस ने इस मामले में एक 30 साल की महिला को हिरासत में लिया है। लॉस एंजिल्स पुलिस के मुताबिक, यह घटना कैलिफोर्निया (अमेरिका) के समय के अनुसार रविवार दोपहर करीब 1:21 बजे हुई। रिहाना के बेवर्ली हिल्स स्थित घर के गेट के सामने, सड़क के दूसरी तरफ खड़ी एक गाड़ी से 10 गोलियां चलाई गईं। लॉस एंजिल्स टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, एक गोली घर की दीवार को चीरते हुए आर-पार हो गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध महिला को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, जब घर के बाहर गोलियां चल रही थीं, तब रिहाना अपने घर के अंदर ही मौजूद थीं। हालांकि, हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस अभी इस बात की जांच कर रही है कि महिला ने रिहाना को ही निशाना बनाया था या इसके पीछे कोई और वजह थी। फिलहाल रिहाना की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

सिर्फ मुंबई ही नहीं, गैंगस्टर्स ने विदेश में भी भारतीय सितारों को निशाना बनाया है। कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के ‘कैप्स कैफे’ पर तीन बार फायरिंग की गई थी। इस हमले के तार भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग और गैंगस्टर गोल्डी बराड़ से जुड़े पाए गए थे। रिहाना के मामले में भी पुलिस अब अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन और गैंग्स के एंगल से जांच कर रही है।