गंगा में मछुआरों को मिला 2 क्विंटल का शिवलिंग! 2500 साल पुराना, काशी में डेढ़ दर्जन ने मिलकर निकाला
बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी अर्थात बनारस से चौंकाने वाली खबर आ रही है. भगवान शिव की नगरी की भक्ति के लिए पूरी दुनिया में विख्यात वाराणसी में गंगा नदी से 2500 साल पुराना ‘खजाना’ मिला है. बता दें कि ये कोई साधारण वस्तु या सोना-चांदी नहीं है. देखते ही देखते इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो होने लगा है. बता दें कि ये चमत्कारिक वस्तु गंगा की तलहटी से करीब 2 कुंतल (200 किलो) वजनी एक विशाल और प्राचीन शिवलिंग बरामद हुआ है.
यह घटना वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र के सुजाबाद इलाके की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले ही गंगा में कुछ स्थानीय मल्लाह अपनी नाव लेकर मछली पकड़ने गए थे. इसी दौरान उनके जाल में नीचे कोई बहुत भारी चीज टकराई. जब उन्होंने पानी के अंदर गोता लगाकर गहराई में देखा तो हैरान रह गए. उनको गंगा की तलहटी में एक विशाल शिवलिंग विराजमान मिला. करीब डेढ़ दर्जन मल्लाहों ने एक साथ मिलकर कड़ी मशक्कत की और इस 2 कुंतल वजनी शिवलिंग को सुरक्षित बाहर निकालकर गंगा की रेती पर रखा.
इस प्राचीन शिवलिंग का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है. वायरल वीडियो में रात के समय गंगा किनारे कुछ युवक शिवलिंग को धोते और साफ करते नजर आ रहे हैं. वीडियो के बैकग्राउंड में जगमगाता हुआ पुल भी दिखाई दे रहा है. वीडियो बना रहा शख्स बता रहा है कि यह शिवलिंग गंगा जी के अंदर से मिला है. वह लोगों से इसे पूरे विधि-विधान के साथ स्थापित करने को लेकर राय भी मांग रहा है.
इस घटना के सामने आने के बाद प्रशासन भी हरकत में आ गया है. इस दुर्लभ शिवलिंग की तस्वीरें आर्कियोलॉजिकल विभाग (Archaeological Department) को दे दी गई हैं. जानकारों और पुरातत्व विशेषज्ञों का प्रारंभिक अनुमान है कि गंगा की तलहटी से निकला यह शिवलिंग करीब 2500 वर्ष पुराना हो सकता है. इतने प्राचीन शिवलिंग के मिलने की खबर बनारस में आग की तरह फैल गई है. शिव भक्त इसे महादेव का चमत्कार मान रहे हैं. इसके दर्शन के लिए लोग काफी उत्सुक हैं.
