5 फीट बर्फ के बीच केदारनाथ में झंडा वंदन, ITBP के जवानों ने कैसे फहराया तिरंगा…देंखे विडियो

राष्ट्रीय

गणतंत्र दिवस के मौके पर देशभर में झंडा वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इन सबके बीच केदारनाथ से तिरंगा फहराने की बेहद खूबसूरत तस्वीरें सामने आईं. केदारनाथ की सुरक्षा में तैनात ITBP के जवानों ने मंदिर समिति के कर्मचारियों के साथ मिलकर 26 जनवरी के अवसर पर तिरंगा झंडा फहराया. इसके बाद राष्ट्रगान भी गाया गया. इसके साथ ही लद्दाख के करगिल से भी झंडा वंदन की मनमोहक तस्वीरें सामने आईं. यहां माइनस 15 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच तिरंगा फहराया गया.

झंडा वंदन का मुख्य कार्यक्रम दिल्ली में स्थित कर्तव्य पथ पर हुआ. देश में पहली बार आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने परेड की सलामी ली. परंपरा के मुताबिक राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और उसके बाद 21 तोपों की सलामी के साथ राष्ट्रगान हुआ. इसके बाद परेड हुई. 90 मिनट चली परेड में स्वदेशी सैन्य पराक्रम, नारी शक्ति के साथ न्यू इंडिया की झलक दिखी.

दिल्ली में हुई परेड के दौरान आसमान में प्रचंड और राफेल समेत 50 विमानों की उड़ान ने सीमाओं से परे भारतीय वायु सेना की शक्ति प्रदर्शित की. ये दृश्य हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा करने वाला रहा. 90 मिनट की परेड में 23 झांकियां दिखीं. इनमें राज्यों, मंत्रालयों और विभागों की झांकियां भी शामिल रहीं. यूपी की झांकी में अयोध्या की झलक दिखी तो वहीं गृह मंत्रालय ने नशा मुक्त भारत की झांकी का प्रदर्शन किया. केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की झांकी में ‘नारी शक्ति’ को दर्शाया गया. आखिर में भारतीय सेनाओं के 50 विमानों ने फ्लाई पास्ट किया.

कर्तव्य पथ इस बार देश ने इतिहास बनते देखा. देश में पहली बार आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने परेड की सलामी ली. उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उसके बाद 21 तोपों की सलामी के साथ राष्ट्रगान हुआ. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कर्तव्य पथ से राष्ट्र का नेतृत्व किया. इस बार गणतंत्र दिवस पर मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी मुख्य अतिथि थे.