बड़ा फैसला, सऊदी अरब के लिए 17 अक्टूबर तक भारत की सभी उड़ानें रद्द

भारतीय एयरलाइंस ने बड़ा फैसला लिया है। इंडिगो , एयर इंडिया और आकासा एयर ने सऊदी अरब के कई शहरों के लिए और वहां से आने-जाने वाली उड़ानें 17 अक्टूबर तक रोक दी हैं। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और हालिया हमलों के बाद एविएशन सुरक्षा को लेकर चिंताओं के कारण यह कदम उठाया गया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्‍स पर जारी एक ट्रैवल एडवाइजरी में इंडिगो ने सऊदी अरब में बदलती सुरक्षा स्थिति का हवाला देते हुए रियाद, जेद्दा, दम्मम और मदीना को जोड़ने वाली उड़ानें शनिवार तक रद्द करने की घोषणा की।

एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस उसकी ऑफिशियल वेबसाइट पर चेक कर लें। कहा कि बुकिंग के समय दी गई कॉन्टैक्ट डिटेल्स के जरिए अपडेट्स दिए जा रहे हैं।

इंडिगो ने कहा, ‘सऊदी अरब में बदलती स्थिति के कारण रियाद, जेद्दा, दम्मम और मदीना के लिए और वहां से आने-जाने वाली उड़ानें 17 अक्टूबर 2026 तक रद्द रहेंगी।’ एयरलाइन के अनुसार, प्रभावित यात्रियों की मदद के लिए उसकी सपोर्ट टीमें मौजूद हैं। सुरक्षित ऑपरेशन सुनिश्चित करने के लिए वह संबंधित अधिकारियों के साथ तालमेल बनाए हुए है।

आकासा एयर ने भी मिडिल ईस्ट में बढ़ती सुरक्षा स्थिति और फ्लाइट ऑपरेशन से जुड़े जोखिमों का हवाला दिया है। ऐसा करते हुए रियाद और जेद्दा के लिए और वहां से आने-जाने वाली सभी उड़ानों का सस्पेंशन 17 अक्टूबर तक बढ़ा दिया। एयरलाइन ने कहा कि यह फैसला क्षेत्रीय घटनाक्रमों के सावधानीपूर्वक आकलन के बाद लिया गया है। इसमें यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को सबसे अहम माना गया है।

एयरलाइन ने एक्‍स पर एक पोस्ट में कहा, ‘मिडिल ईस्ट में बढ़ती सुरक्षा स्थिति और सुरक्षित फ्लाइट ऑपरेशन से जुड़े जोखिमों को देखते हुए आकासा एयर ने रियाद और जेद्दा के लिए और वहां से आने-जाने वाली सभी उड़ानों का सस्पेंशन 17 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दिया है।’

आकासा एयर ने कहा कि प्रभावित यात्री या तो पूरा रिफंड ले सकते हैं या बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा को रीशेड्यूल कर सकते हैं। रिफंड सात दिनों के भीतर ओरिजिनल पेमेंट मेथड में क्रेडिट कर दिया जाएगा, जबकि ट्रैवल एजेंटों के जरिये बुकिंग करने वाले यात्रियों को अपने संबंधित बुकिंग पार्टनर से संपर्क करने की सलाह दी गई।

इस बीच एयर इंडिया ने रियाद, दम्मम और जेद्दा के लिए और वहां से आने-जाने वाली सभी उड़ानें 17 अक्टूबर तक रद्द करने की घोषणा की।

एयरलाइन ने कहा, ‘सऊदी अरब में बदलती स्थिति को देखते हुए रियाद, दम्मम और जेद्दा के लिए और वहां से आने-जाने वाली एयर इंडिया की सभी उड़ानें 17 अक्टूबर 2026 तक रद्द रहेंगी।’

एयर इंडिया ने कहा कि वह इस इलाके में हो रही गतिविधियों पर बारीकी से नजर रख रही है। सेवाओं को सुरक्षित रूप से फिर से शुरू करने के लिए हालात का आकलन किया जा रहा है। प्रभावित यात्रियों को टिकट रद्द होने पर पूरा रिफंड दिया जाएगा।

सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने भी ‘एक्‍स’ पर इंडिगो और अकासा एयर की एडवाइजरी शेयर कीं। इनमें यात्रियों को उड़ानों के निलंबन को आगे बढ़ाने के बारे में जानकारी दी गई।

सऊदी अरब में एविएशन सुविधाओं पर हालिया हमलों के बाद सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंताओं के बीच ये उड़ानें रद्द की गई हैं।