नेपाल-चीन बॉर्डर पर भोटेकोशी नदी में बाढ़, 12 नेपाली, 6 चीनी लापता, मिटेरी ब्रिज और कई गाड़ियां बहीं

नेपाल-चीन बॉर्डर पर ​​​​​​भोटेकोशी नदी में मंगलवार सुबह करीब 3 बजे अचानक बाढ़ आ गई। इसमें 18 लोग लापता हैं, जिसमें 12 नेपाली और 6 चीनी नागरिक हैं। 12 नेपालियों में 3 पुलिसकर्मी, 9 नागरिक हैं। सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है। घटना चीनी सीमा पर नेपाल के ​​​​​​रसुवा जिले में रसुवागढ़ी बॉर्डर पॉइंट की है। बाढ़ में नेपाल को चीन से जोड़ने वाला मेन पुल ‘मिटेरी ब्रिज’ ढह गया। मिटेरी ब्रिज से चीन-नेपाल के बीच रोजाना लाखों रुपए का व्यापार होता था। रसुवा में कस्टम्स ऑफिस का यार्ड भी क्षतिग्रस्त हो गया। कस्टम यार्ड में खड़े कई कार्गो कंटेनर भी बह गए। सभी कंटेनर सामान से भरे हुए थे। कस्टम यार्ड के अंदर फंसे कुछ लोगों को बचा लिया गया है, लेकिन सभी तरफ बाढ़ के पानी के कारण चल रहे ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है। ​​​​​​भोटेकोशी नदी में बाढ़ से नेपाल को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। पुल बहने से इस रूट से चीन और नेपाल के बीच होने वाला व्यापार रुक गया है।

नेपाल को अब सामान मंगवाने के लिए भारत पर निर्भर होना पड़ेगा। सामान को चीन से भारत और फिर उसे जमीन के रास्ते नेपाल मंगाया जा सकता है। नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल (APF) ने बताया कि भोटेकोशी नदी के बढ़ते पानी ने तिमुरे में एक EV चार्जिंग स्टेशन से आठ इलेक्ट्रिक वाहनों को भी बहा दिया। पासंग ल्हामू हाईवे पर भी कई जगह लैंडस्लाइड हुआ। सड़क का बड़ा हिस्सा नदी के साथ बह गया है। जिससे ​परिवहन ठप हो गया है। बाढ़ में कई घर और चीन से मंगाए पांच इलेक्ट्रिक वाहन भी बह गए।
​​​​​​​

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *