CG NEWS : लगातार बारिश से खैरागढ़ में बाढ़… तीनों नदियां उफान पर

छत्तीसगढ़ : खैरागढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर और आसपास के ग्रामीण अंचलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। आमनेर, मुस्का और पिपरिया नदियों का जलस्तर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। शहर के निचले इलाकों में पानी घरों तक पहुंच चुका है, वहीं स्टेट हाईवे राजनांदगांव-कवर्धा मार्ग पर भी पानी भरने से यातायात पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। खैरागढ़ में बाढ़ इस बार एक परिवार के लिए त्रासदी बन गई। इतवारी बाजार क्षेत्र में शीतला मंदिर के पास 20 वर्षीय युवक अमित यादव बाढ़ के तेज बहाव में बह गया। वह दोस्तों संग नहा रहा था और मंदिर की छत से कूदते समय पानी की तेज धार में फंस गया। उसके साथ दो अन्य युवक भी बहे, जो किसी तरह बाहर निकल आए। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। रातभर पुलिस खोजबीन करती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। SDRF की टीम रविवार सुबह से सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

अमित अपने परिवार का इकलौता बेटा था। पिता के निधन के बाद मां और तीन बहनों का वही एकमात्र सहारा था। अब परिवार में मातम छाया हुआ है। हादसे के बाद एक बार फिर प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठे हैं। वर्षों से शहर में नालों और जल निकासी मार्गों पर अतिक्रमण की वजह से बारिश का पानी रुक जाता है, जिससे हर साल बाढ़ आती है और जान-माल का नुकसान होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *