मथुरा-वृंदावन के आधे इलाके में बाढ़, हरियाणा के घग्गर ड्रेन में दरार..
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के बाद गंगा, यमुना समेत नदियों में पानी बढ़ गया है। हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद मथुरा और वृंदावन में 50% इलाका बाढ़ की चपेट में है। राधा वल्लभ मंदिर में पानी भर गया। हरियाणा के सिरसा में हिसार-घग्गर मल्टीपर्पज ड्रेन में बुधवार को फिर कटाव शुरू हो गया। ड्रेन में करीब 50 फीट चौड़ी दरार आ गई, जिससे 300 एकड़ फसल डूब गई। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती घेरा अगले 4–5 दिन रहेगा। इसका असर केवल तटीय और मध्य भारत तक सीमित रहेगा। इसलिए मौसम विभाग ने ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और आंध्र प्रदेश समेत पूर्वोत्तर में आज और कल भारी बारिश का अनुमान जताया है।
बाढ़ से जूझ रहे पंजाब को गुजरात सरकार ने राहत सामग्री भेजी है। CM भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार सुबह 700 टन राहत सामग्री से भरी ट्रेन पंजाब रवाना की। साथ ही पंजाब सरकार को 5 करोड़ रुपए का राहत चेक भी सौंपा है। राहत सामग्री में पानी, खाने के पैकेट्स, कपड़े, दवाइयां शामिल हैं। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता भी पंजाब के लिए रवाना हुए हैं। ये लोग पंजाब में राहत टीम के साथ मिलकर लोगों की मदद करेंगे। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में बदायूं स्टेट हाईवे पर तीन जगह करीब डेढ़ फीट बाढ़ का पानी बह रहा है। जमापुर डिप में हाईवे पर एक युवक बाढ़ में बहने लगा। वहां मौजूद लोगों ने बहते युवक को किसी तरह बचा लिया।
