नारायणपुर में बाढ़ का कहर, पानी में डूबा बालेबेड़ा BSF कैंप, जवानों ने छत-पेड़ों पर ली शरण
नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात बेहद गंभीर कर दिए हैं. तेज बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है. इसी बीच घोर नक्सल प्रभावित बालेबेड़ा बीएसएफ कैंप के चारों ओर बाढ़ का पानी भरने का वीडियो सामने आया है. वहीं ढोंडरीबेड़ा में एक घर और ब्रेहबेड़ा में 10 घर बाढ़ की चपेट में आने से भारी नुकसान हुआ है. ब्रेहबेड़ा गांव से दो बच्चियों के बाढ़ में बह जाने की सूचना भी मिली है, हालांकि पानी कम होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
बताया जा रहा है कि लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण बालेबेड़ा बीएसएफ कैंप पूरी तरह पानी से घिर गया. हालात ऐसे बन गए कि कैंप में मौजूद जवानों को अपनी सुरक्षा के लिए बैरकों की छतों और आसपास के पेड़ों पर शरण लेनी पड़ी. कैंप से सामने आए वीडियो में चारों ओर सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो कैंप में तैनात एक बीएसएफ जवान ने बनाया है, जिसमें बाढ़ की भयावह स्थिति दिखाई दे रही है.
लगातार बारिश और उफनती नदियों के कारण बालेबेड़ा कैंप तक सड़क मार्ग से पहुंचना फिलहाल बेहद मुश्किल हो गया है. इससे राहत और बचाव कार्य भी चुनौतीपूर्ण बन गया है. जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और स्थानीय स्तर पर नुकसान का आकलन किया जा रहा है. प्रशासन का कहना है कि जरूरत पड़ने पर प्रभावित इलाकों तक राहत सामग्री और आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल भी किया जाएगा.
पूरे अबूझमाड़ क्षेत्र में भारी बारिश का असर साफ दिखाई दे रहा है. प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं. साथ ही लोगों से नदी-नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है. वहीं ब्रेहबेड़ा गांव से दो बच्चियों के बहने की सूचना की भी प्रशासन द्वारा पुष्टि और स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार किया जा रहा है.
