सोए बच्चे के गले में लिपटकर बैठा रहा 4 फीट का सांप, 1 घंटे तक देखती रही मां और फिर..
पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला प्रखंड स्थित बुद्धुआचक गांव में सोमवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया। बिस्तर पर गहरी नींद में सो रहे पांच वर्षीय मासूम बच्चे के गले में करीब चार फीट लंबा सांप लिपट गया और उसके चेहरे के पास करीब एक घंटे तक फन फैलाकर बैठा रहा। सबसे राहत की बात यह रही कि इस दौरान बच्चे ने कोई हरकत नहीं की और सांप ने भी उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। जैसे ही बच्चे की नींद खुली, सांप खुद उसकी गर्दन से उतरकर कमरे से बाहर निकल गया। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के मुताबिक, बुद्धुआचक गांव निवासी राममूर्ति महतो की पुत्री शरथा अपने पांच वर्षीय बेटे के साथ हरनौत के बहादुरपुर से मायके आई हुई थीं। सोमवार सुबह जब मां की नींद खुली तो सामने का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि एक विशालकाय सांप बच्चे के सीने से सरकते हुए उसकी गर्दन से लिपटा हुआ है और चेहरे के पास फन फैलाकर बैठा है। यह देखते ही उन्होंने जोर से शोर मचाया, जिसके बाद परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
मासूम के गले में सांप लिपटा देखकर पूरे परिवार में दहशत फैल गई। किसी की भी हिम्मत नहीं हुई कि वह बच्चे के पास जाए या सांप को हटाने की कोशिश करे। परिजनों को डर था कि जरा सी हलचल या आवाज से सांप हमला कर सकता है और बच्चे की जान खतरे में पड़ सकती है। ऐसे में सभी लोग दूर खड़े होकर बच्चे की सलामती की दुआ मांगते रहे। करीब एक घंटे तक सांप उसी तरह बच्चे की गर्दन पर फन फैलाए बैठा रहा।
कुछ देर बाद जब बच्चे की नींद खुली तो उसने कमरे में लोगों की भीड़ देखी और रोने लगा। वह उठकर अपनी मां की ओर जाने लगा। बच्चे के हिलते ही सांप बिना किसी तरह का नुकसान पहुंचाए धीरे-धीरे उसकी गर्दन से नीचे उतरा और कमरे से बाहर निकल गया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद सभी लोगों ने राहत की सांस ली। सांप के बाहर निकलते ही मां दौड़कर अपने बेटे के पास पहुंचीं और उसे सीने से लगा लिया। परिवार के लोग भी भावुक हो गए। यह पूरी घटना गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इसे बच्चे की किस्मत और ईश्वर की कृपा बता रहे हैं।
