CG : बीजापुर में नक्सलियों ने पूर्व सरपंच को गोली मारी, मौत, जवानों को इनपुट देने का शक
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने पूर्व सरपंच को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया है। मंगलवार (20 जनवरी) को ग्राम काऊरगट्टा में भीमा मड़कम मछली पकड़ने गए थे, नक्सलियों ने उन्हें वहीं मार डाला। मामला पामेड़ थाना क्षेत्र का है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. बताया जा रहा है कि भीमा दंतेवाड़ा के बचेली से आज ही लौटा था जब उसे नक्सलियों ने गोली मार दी. इससे पहले भी भीमा पर नक्सलियों ने अटैक किया था. बीजापुर में तीन दिनों के अंदर हत्या की दो दो वारदात से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है. पुलिस को सूचना मिली है कि नक्सलियों ने भीमा मड़कम की हत्या कर दी है. भीमा मड़कम की उम्र 40 वर्ष बताई जा रही है.
ग्रामीण की हत्या की सूचना मिलने पर बीजापुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है. पामेड़ थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल घटना की तस्दीक शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा अतिरिक्त बल को भी मौके के लिए रवाना किया गया है, ताकि स्थिति पर नियंत्रण रखा जा सके और साक्ष्यों को सुरक्षित किया जा सके.
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि दूरस्थ और अंदरूनी इलाकों में पुलिस की नियमित गश्त कम होने के कारण नक्सलियों के हौसले बढ़ रहे हैं.
उसूर ब्लॉक के पुजारी इलाके में तीन दिन पहले भी एक हत्या का मामला सामने आया था. उस घटना की जांच अभी पूरी तरह से समाप्त भी नहीं हुई थी कि अब दूसरी हत्या की खबर ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है.
